प्रेमी युगल का फंसे से लटकता शव बरामद
सुबह-सुबह प्रेमी युगल का फंदे से लटका शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना माल ब्लॉक के नपुचापुर चाय बागान की है।
संवाद सूत्र, मालबाजार। सुबह-सुबह प्रेमी युगल का फंदे से लटका शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना माल ब्लॉक के नपुचापुर चाय बागान की है। मृतकों का नाम मीना कर्मकार व विपल्व राय बताया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मीना माल ब्लॉक के बड़ादिघी बाजार से सटे बड़ादिघी हाईस्कूल की छात्रा थी। वह कांतिदिघी कुमार पाड़ा इलाके के किशोर विप्लव राय के साथ प्रेम करती थी।
एक बार दोनों घर से भाग भी चुके थे। बाद में परिवारों के समझाने के बाद दोनों को घर वापस लाया गया। इसके बाद दोनों परिवारों में सबकुछ ठिकठाक ही चल रहा था।
इधर, शनिवार शाम से फिर प्रेमी युगल लापता हो गए थे। रात भर तलाश के बाद भी दोनों का कुछ पता नहीं चला। बड़ादिघी बाजार के नेपुचापुर चाय बागान के चापा लाइन इलाके के एक पेड़ पर दोनों का फंदे से लटकता शव बरामद हुआ। सबसे पहले बागान के श्रमिकों ने शव को देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर बाद माल थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।