करियर बनाने के लिए सिर्फ अंग्रेजी का ज्ञान काफी नहीं
छात्रों के लिए करियर बनाने को सिर्फ अंग्रेजी का ज्ञान होना हमेशा काफी नहीं हो सकता। फ्रांस के कौंसुल जनरल डेमियन सैयद ने ये बातें कही।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। छात्रों के लिए करियर बनाने को सिर्फ अंग्रेजी का ज्ञान होना हमेशा काफी नहीं हो सकता। कोलकाता में फ्रांस के कौंसुल जनरल डेमियन सैयद ने गुरुवार को फ्रांसीसी शिक्षा संस्थान एलायंस फ्रांसाइस एवं टेक्नो इंडिया ग्रुप के बीच हुए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के मौके पर ये विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में हमें युवाओं को ध्यान में रखते हुए अन्य विदेशी भाषाओं को संवर्धित करना चाहिए। आज की दुनिया में अंग्रेजी काफी नहीं हो सकती। चूंकि (भारत में) यह भाषा बहुत से लोग बोलते हैं इसलिए इसका वर्धित महत्व नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि फ्रेंच भाषा का ज्ञान युवा छात्रों के लिए नई दुनिया, नई संस्कृति के झरोखे खोल देगा और उनमें एक नई तरह की सोच विकसित करेगा। इससे उनकी फ्रांस के अलावा बेल्जियम, स्वीट्जरलैंड, कनाडा और आधे अफ्रीकी देशों में पहुंच बढ़ेगी।
यह काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंधों को फिर से मजबूत कर रहा है। इसके अलावा फ्रेंच कई देशों में बातचीत की भाषा है और यह संयुक्त राष्ट्र और यूरापीय संघ जैसे कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों की आधिकारिक भाषा भी है इसलिए इस भाषा को सीखना छात्रों के लिए काफी लाभदायक हो सकता है।
एलायंस फ्रांसाइस के निदेशक फैबरीक प्लैनकन ने कहा कि हम पूरे बंगाल में अपना विस्तार करेंगे। उत्तर बंगाल में फ्रेंच भाषा से संबंधित कोर्स 26 जुलाई से शुरू किए जाएंगे। आने वाले महीनों में कुल 20 शाखाएं खोली जाएंगी।