पानी निकालने के दौरान गोद से कुएं में गिरा बच्चा, मौत
पानी निकालने के दौरान मां की गोद से 10 महीने का बच्चा कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए मां कुएं में उतर पड़ी, लेकिन काफी प्रयास के बाद ही बच्चे को बचाया नहीं जा सकता।
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। पानी निकालने के दौरान मां की गोद से 10 महीने का बच्चा कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए मां कुएं में उतर पड़ी, लेकिन काफी प्रयास के बाद ही बच्चे को बचाया नहीं जा सकता। वहीं वर्तमान समय में बच्चे की मां संपा राय की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने संपा को कुएं से निकाला। उसे सबसे पहले जलपाईगुड़ी अस्पताल भर्ती कराया गया। लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से पहले उसे उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल, फिर उसे सिलीगुड़ी के एक नर्सिग होम में भर्ती कराया गया। मृत बच्चे का नाम गौरव राय बताया गया। उक्त घटना के बाद से इलाके में मातम छाया हुआ है।
मृत बच्चे के पिता मानस राय ने बताया कि शनिवार शाम को संपा शौचालय जाने के लिए कुएं से पानी निकाल रही थी। इस दौरान गौरव भी गोद में ही था। तभी अचानक गौरव कुएं में गिर गया। फिर संपा भी कुएं में उतरकर चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर सभी मौके पर पहुंचकर दोनों को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से ही उसकी पत्नी की बोलचाल भी बंद हो गई है। जलपाईगुड़ी से उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज रेफर करने पर चिकित्सकों ने कहा कि उसके लैंस में पानी घुस गया है। इसके बाद उसे सिलीगुड़ी के एक नर्सिगहोम में भर्ती कराया गया है।