तृणमूल कांग्रेस कैडर बनकर कार्य कर रही है पुलिस : भाजपा
-विधानसभा चुनाव में दो सौ से अधिक सीट जीतने का दावा -उत्तर बंगाल में 54 में से पचास पाने का
-विधानसभा चुनाव में दो सौ से अधिक सीट जीतने का दावा
-उत्तर बंगाल में 54 में से पचास पाने का रखा लक्ष्य जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कार्यकर्ता के रूप में पुलिस कार्य कर रही है। आए दिन भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं पर पुलिसिया अत्याचार हो रहा है। झूठे मामले दायर किए जा रहे हैं। इन सब परिस्थतियों से अगले छह महीने तक और हमें लड़ना है। उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजू बिष्ट तथा पश्चिम बंगाल भाजपा प्रदेश महासचिव सायंतनु बसु ने कही । दोनों सोमवार को सेवक रोड स्थित एक होटल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा उत्तर बंगाल की स्थिति से पूरी तरह से अवगत हैं। अगले वर्ष होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा और रणनीति तैयार की गई। बैठक में उत्तर बंगाल के सभी 54 विधानसभा सीटों को लेकर चर्चा हुई है। उन्होंने उम्मीद व्यक्त किया उत्तर बंगाल के 54 सीटों में से कम से कम 50 सीटें भाजपा जीतेगी। वहीं राज्य के कुल 294 सीटों में से कम से कम दो सौ सीट जीतकर राज्य की सत्ता हासिल करेगी। सायंतनु बसु ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की कटमनी, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे अत्याचार, तृणमूल कांग्रेस द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा एक तरह से पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार प्रायोजित आतंक का माहौल चल रहा है। छह महीने बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर हर मामलों की जांच की जाएगी। उन्होंने दुर्गा पूजा भ्रमण को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार कोई भी आदेश मानने वाली नहीं हैं। भक्ति की आड़ भी तृणमूल कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार करने में लगे हुए हैं। भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि पहाड़ के 11 जातियों को जल्द ही जनजाति का दर्जा मिल जाएगा। पहाड़ के 16 जातियों को डेवलपमेंट बोर्ड के नाम बांटने का काम तृणमूल सरकार ने की है। उन्होंने राज्य सरकार पर एक धर्म विशेष के लिए कार्य करने का आरोप लगाया। बैठक में केंद्रीय मंत्री बाबूल सुप्रियो, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन समेत उत्तर बंगाल के भाजपा नेताओं के साथ पश्चिम बंगाल प्रदेश स्तर व भाजपा राष्ट्रीय स्तर कई नेता भी शामिल हुए।
क्या-क्या हुआ दिन भर
1.भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) के पूर्वोत्तर के प्रवेशद्वार सिलीगुड़ी आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया।
2.जेपी नड्डा ने बागडोगरा एयरपोर्ट से सागठनिक बैठक से पहले कालीबाड़ी मंदिर में पूजा अर्चना की।
3.उन्होंने महान समाज सुधारक और राजवंशी व आदिवासी समुदाय में बेहद लोकप्रिय रहे ठाकुर पंचानन बर्मन की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
4.उनके साथ प्रदेश भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद थे।
5. शहर के एक होटल में विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न समुदाय के लोगों से चर्चा की।
6. शाम छह बजे जेपी नड्डा होटल से बागडोगरा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। वहां वापसी के लिए उनका विशेष विमान तैयार था।