Lockdown: बंगाल में भाजपा सांसदों के खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीति से प्रेरितः राज्यपाल
Governor Jagdeep Dhankhar. राज्यपाल ने सांसदों को घरों में सीमित रखने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। Governor Jagdeep Dhankhar. बंगाल में भाजपा सांसदों को लॉकडाउन की आड़ में हाउस अरेस्ट किए जाने के बंगाल सरकार के फैसले को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने हमला बोला। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित करार देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी इसी जानकारी दी है। राज्यपाल ने सांसदों को घरों में सीमित रखने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इसे लेकर शुक्रवार को राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने टि्वटर यह बातें लिखते हुए इसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी टैग किया।
उन्होंने लिखा, 'भाजपा के सांसदों डॉ सुभाष सरकार, जॉन बार्ला, अर्जुन सिंह और राजू बिष्ट के खिलाफ राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई पर चिंतित हूं। यह ममता बनर्जी के प्रशासन ने इर्ष्यालु होकर की है। लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष मैंने यह मुद्दा उठाया है।'
उन्होंने कहा कि कोरोना माहामारी के खिलाफ लड़ाई में हमारे सांसदों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके खिलाफ अधिकारियों ने जो कार्रवाई की है। इसकी जांच होनी चाहिए। जिला प्रशासन द्वारा सांसदों की गतिविधियों को प्रभावित करना गंभीर मुद्दा है। जो भी अधिकारी इसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। प्रशासन का राजनीति से गठजोड़ खतरनाक है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। राज्य प्रशासन को राजनीतिक गठजोड़ से दूर रहना सीखना होगा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के सांसदों को राहत सामग्री वितरण से प्रशासन ने रोक दिया है और इन सांसदों को घरों में ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। लॉकडाउन के दौरान लोगों को घर में रहने की हिदायत दी गई है। लेकिन भाजपा के सांसदों के घरों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस तैनाती कर दी गई है, ताकि वह निकल ना सकें। इसी को लेकर राज्यपाल ने राज्य सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़ा किया है।