पू. सी. रेल ने चलाई फ्लड रिलीफ स्पेशल ट्रेन
-असम में बाढ़ प्रभावितों में राहत सामग्री वितरित -पटरी किनारे टेंट बनाकर रह रहे हैं काफी
-असम में बाढ़ प्रभावितों में राहत सामग्री वितरित
-पटरी किनारे टेंट बनाकर रह रहे हैं काफी संख्या में लोग जागरण संवाददाता,सिलीगुड़ी:असम में सामान्य से अधिक बारिश और लगातार खराब मौसम ने राज्य में सार्वजनिक सेवाओं को प्रभावित किया है। डिमा हासाओ और होजाई सहित असम के कई जिले विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ऐसे में पूर्वोत्तर सीमा रेल ने अपनी सामाजिक कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए प्रभावितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी न केवल रेलवे की परिसंपत्तियों और मशीनरियों की मरम्मत कार्य में लगे हुए हैं, बल्कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भी हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
पू. सी. रेल के लामडिंग मंडल ने होजाई जिला प्रशासन के सहयोग से जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और बचाव के लिए एक विशेष ट्रेन चलायी। प्रभावित लोगों के लिए भोजन और आवश्यक सामग्री को लेकर तीन कोचों से संयोजित यह बाढ़ राहत ट्रेन होजाई से जमुनामुख तक चली। वर्तमान में होजाई व जमुनामुख खंड में रेलवे पटरियों के किनारे अस्थायी रूप से टेंट बनाकर जो बाढ़ प्रभावित रह रहे हैं,उनकी मदद की गई।
सीपीआरओ सब्यसाची दे ने बताया है कि एक हजार से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन और आवश्यक सामग्री वितरित करने के अलावा, ट्रेन में सवार अधिकारियों की अंतर-विभागीय टीम भी 100 से अधिक लोगों को बचाने में सक्षम रही, जिनके घर बाढ़ में ढ़ह गए।
पू. सी. रेल आपदा प्रबंधन के हिस्से के रूप में पूर्वोत्तर क्षेत्र में विभिन्न कार्य कर रही है। इस क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों को राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के सहयोग से यथासंभव सहायता प्रदान की जा रही है।