यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सिलीगुड़ी में स्कूली बच्चों के बीच सक्रिय हुए ड्रग्स तस्कर
नशा का कारोबार करने वालों की पहुंच स्कूलों के भीतर तक हो चुकी है। शुक्रवार को इसका प्रमाण भी मिला। ...और पढ़ें

सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। नशा का कारोबार करने वाले अपनी पहुंच हर उस जगह तक बनाना चाहते हैं जहां से उन्हें मुनाफा हो। उन्हें इस बात से कोई मतलब नहीं है कि इससे किसकी जिंदगी बर्बाद हो रही है। नशा का कारोबार करने वालों की पहुंच स्कूलों के भीतर तक हो चुकी है। शुक्रवार को इसका प्रमाण भी मिला। आठारोखाई श्री नरसिंह विद्यापीठ के बच्चों को नशा की पुड़िया देते एक व्यक्ति को स्कूल के कर्मियों ने धर दबोचा तथा उसे माटीगाड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन से लेकर अभिभावक तक परेशान हैं। उनकी चिंता बढ़ गई है। जबकि माटीगाड़ा थाना पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
तस्कर को धर दबोचा
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल में सभी बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। उसी समय तीन व्यक्ति स्कूल के उत्तर दिशा से साइकिल पर सवार होकर खिड़की के पास आए और बच्चों के हाथों में कुछ देने लगे। स्कूल के कर्मियों की नजर इस पर गई तो वे सक्रिय हो गए। उन्होंने उन तीनों को पकड़ने की कोशिश की। तीन में से दो फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। उसे पकड़कर प्रधानाचार्य के पास लाया गया। उसके बैग से गांजा व अन्य तरह की नशीली चीजें बरामद की गई। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी माटीगाड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पुलिस को कभी अपना घर फांसीदेवा मोड़ तो कभी सिक्किम बता रहा था।
कुछ बच्चे आ चुके हैं नशे की गिरफ्त में
स्कूल के प्रधानाचार्य गोविंद राय ने मीडिया को बताया कि उनके स्कूल के कुछ बच्चे नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं। उनके अभिभावकों को यह बात बताई जा चुकी है। उन बच्चों को इलाज की जरुरत है। अभिभावकों से उन्हें इलाज कराने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि उनके स्कूल में बच्चे ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। इनमें से कुछ बच्चे नशाखोरी की चपेट में आ गए है। उनकी नजर में यह बात आने के बाद से ही स्कूल के इर्द-गिर्द नजर रखी जा रही थी। आज एक व्यक्ति मादक पदार्थ देते हुए पकड़ा गया है। उसे पुलिस को सौंप दिया गया है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है। जो दो लोग फरार हो गए हैं,उनको भी पकड़ा जाएगा। गिरफ्तार आरोपित से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। जबकि इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षकों और अभिभावकों के साथ पुलिस की चिंता भी बढ़ गई है।
