अब वार्ड पार्षद मौसमी हाजरा को डेंगू ने मारा डंक
-अस्पताल देखने गए मंत्रीपूछा हालचाल -शंकर घोष ने मंत्री पर ही साधा निशाना जागरण संवादद
-अस्पताल देखने गए मंत्री,पूछा हालचाल
-शंकर घोष ने मंत्री पर ही साधा निशाना जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :
नगर निगम के 19 नंबर वार्ड की पार्षद मौसमी हाजरा डेंगू की चपेट में आ गई हैं। वह डेंगू बुखार के संदेह से पीड़ित हो गत 21 अक्टूबर को शहर के एक नर्सिग होम में भर्ती कराई गई। इधर, उनकी रक्त जांच के बाद डॉक्टरों ने भी उनमें एनएस-1 एंटीजेन पॉजिटिव होने की पुष्टि कर दी है। इस मामले को लेकर लोगों विशेष कर उनके वार्ड के लोगों में दहशत फैल गई है। वैसे, नर्सिग होम में चिकित्सारत वार्ड पार्षद की स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
डेंगू की चपेट में बीमार रहने के बावजूद वार्ड पार्षद मौसमी हाजरा ने कहा कि उनके वार्ड में नियमित रूप में सफाई की जा रही है। मच्छर नाशक रसायनों का भी सतत रूप में छिड़काव जारी है। इसके बावजूद वह खुद डेंगू की चपेट में आ गई। शहर के कुछ अन्य इलाकों में भी डेंगू के कुछ मामले सामने आए हैं। इसे लेकर उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त की है। कहा कि, नगर निगम की ओर से हर वार्ड में, उनके भी वार्ड में नगर निगम के स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जा कर लोगों को डेंगू के प्रति सतर्क कर रहे हैं। डेंगू की रोकथाम में आम सतर्कता भी अत्यंत आवश्यक हैं। नगर निगम तो कर ही रहा है, आम लोग भी अपने घर व आसपास सफाई का पूरा ख्याल रखें। कहीं भी जल जमाव न होने दें। मच्छर नाशक हर उपाय का उपयोग करें। दूसरी ओर राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव पार्षद को देखने अस्पताल गए। उन्होंने उनका हालचाल पूछा और इलाज में सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया।
इधर,सिलीगुड़ी नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग के मेयर पार्षद शंकर घोष ने डेंगू नियंत्रण में रहने का दावा करते हुए उल्टे मंत्री गौतम देव पर ही निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि डेंगू से निपटने के लिए मंत्री कोई मदद नहीं कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।