विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दार्जिलिंग में भारी बारिश का कहर, बालासन नदी पर बना अस्थायी पुल ढहा; सिलीगुड़ी और मिरिक से संपर्क टूटा

Published: Fri, 19 Jun 2026 12:39 PM (IST)Updated: Fri, 19 Jun 2026 02:10 PM (IST)

दार्जिलिंग में भारी बारिश के कारण बालासन नदी पर बना अस्थायी पुल ढह गया, जिससे सिलीगुड़ी-मिरिक मार्ग पर यातायात ठप हो गया है।

HighLights

  1. दार्जिलिंग में भारी बारिश से बालासन नदी पर बना अस्थायी पुल टूटा

  2. सिलीगुड़ी और मिरिक उपखंड के बीच वाहनों की आवाजाही ठप

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। रातभर लगातार भारी बारिश से बंगाल के उत्तरी क्षेत्र उत्तर बंगाल में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक पहाड़ी और मैदानी इलाकों में करीब 200 मिलीमीटर बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं।

भारी बारिश के चलते कर्सियांग के दूधिया इलाके में बालासन नदी पर बना वैकल्पिक पुल बह गया। भूस्खलन के कारण 110 नंबर नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे सिलीगुडी का दार्जिलिंग और मिरिक से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।

प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण महानंदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 110 नंबर नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर बड़े भूस्खलन हुए हैं। कर्सियांग से सिलीगुड़ी जाने वाली तीन लेन वाली सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है।

साथ ही बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर मुख्य सड़क को अवरुद्ध कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के बाद मलबा हटाने का काम शुरू हो गया है, लेकिन स्थिति सामान्य होने में अभी काफी समय लग सकता है।

दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे ने स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को सभी ट्वाय ट्रेन सेवाएं रद कर दी हैं। डीएचआर निदेशक ऋषभ चौधरी ने कहा कि शुक्रवार को सभी सेवाएं बंद रखी गई हैं। स्थिति सामान्य होने पर शनिवार से दार्जिलिंग से कर्सियांग के बीच ट्वाय ट्रेन सेवा बहाल कर दी जाएगी।

राज्य प्रशासन पूरे उत्तर बंगाल की स्थिति पर नजर रखे हुए है। राज्य पर्यटन मंत्री और सिलीगुडी के भाजपा विधायक शंकर घोष ने कहा कि पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री को भी सूचित कर दिया गया है। जिले के अधिकारियों से बात की गई है।

यह भी पढ़ें- बंगाल में अदाणी ग्रुप बनाएगा नदी के नीचे सुरंग, कोलकाता समेत राज्य में कुछ बड़ा करने की तैयारी; जानिए प्लान