मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- जेएनयू के छात्रों पर हमला 'फांसीवादी सर्जिकल स्ट्राइक'
दक्षिण 24 परगना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जेएनयू के छात्रों व प्रोफेसरों पर हमले को फांसीवादी सर्जिकल स्ट्राइक करार देते हुए इसके पीछे भाजपा का हाथ बताया।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। दक्षिण 24 परगना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जेएनयू के छात्रों व प्रोफेसरों पर हमले को 'फांसीवादी सर्जिकल स्ट्राइक' करार देते हुए इसके पीछे भाजपा का हाथ बताया। उन्होंने छात्र समुदाय से केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ संयुक्त रूप से लड़ने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा-' यह फांसीवादी सर्जिकल स्ट्राइक की तरह है। हमने इससे पहले कभी ऐसा होते नहीं देखा। अभी हर तरफ ऐसा हो रहा है, चाहे लखनऊ हो या हैदराबाद। मनमानी चल रही है। लोकतंत्र पर जिस तरह से हमला किया जा रहा है, उससे मैं काफी शर्मिंदगी महसूस कर रही हूं।'
ममता ने आरोप लगाते हुए कहा-'भाजपा ने अपने गुंडे भेजे और पुलिस को निष्कि्रय रहने को कहा। पुलिस मूक दर्शक बनी रही, यह सरासर अनुचित है।'
ममता ने आगे कहा-'लोकतंत्र में सरकारें आती-जाती रहती हैं। किसी को भी बहुमत मिलने पर आपे से बाहर होने का अधिकार नहीं है। संविधान के दायरे में रहकर ही कोई कदम उठाया जाना चाहिए। कोई भी केंद्र सरकार की खिलाफत करता है तो उसे पाकिस्तानी या देश का दुश्मन करार दे दिया जाता है। भारत-पाकिस्तान में यही अंतर है कि पाकिस्तान लोकतांत्रिक देश नहीं है लेकिन हमें इस बात का गर्व है कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है।'