मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कर्सियांग में भव्य स्वागत, प्रशासनिक भवन में करेंगी समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कर्सियांग में अपने दो दिवसीय दौरे पर पहुंची।
कर्सियांग, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कर्सियांग में अपने दो दिवसीय दौरे पर सायं तकरीबन 5 बजकर 45 मिनट पर पहुंची। सिलीगुड़ी से सड़क मार्ग होते हुए वाया रोहिणी रोड आने के दौरान रोहिणी जीरो में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।
लोगों ने सोचा कि मुख्यमंत्री यहां कुछ क्षणों के लिए रूकेंगी, परंतु वे लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सीधे गिद्ध पहाड़ स्थित सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान कर गई। रोहिणी जीरो में मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए गोजमुमो और अन्य फ्रंटल संगठनों के सदस्यों व कार्यकर्ताओं, तृणमूल कांग्रेस पार्टी के समर्थकों व कुछ विकास बोर्डों के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।
बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (बीओए )के कार्यवाहक अध्यक्ष व गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कमेटी के महासचिव अनित थापा, बीओए सदस्य जैतून निशा, गोजमुमो कर्सियांग महकमा कमेटी अध्यक्ष किशोर थापा ,कर्सियांग नगरपालिका के वार्ड कमिश्नरों, तृणमूल कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदीप प्रधान, तृणमूल कांग्रेस कर्सियांग महकमा कमेटी अध्यक्ष मिंग्मा भोटिया (आजी )आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
गोजमुमो व इसके अग्रिम संगठनों के सदस्यों व कार्यकर्ताओं की भीड़ दोपहर दो बजे से ही कर्सियांग मोटर स्टैंड पर जुटने लगी थी। बाद में जब उन्हें पता चला कि मुख्यमंत्री कर्सियांग मोटर स्टैंड होकर नहीं गुजरेंगी,बल्कि रोहिणी जीरो से सीधे गिद्ध पहाड़ स्थित सर्किट हाउस जाएंगी,तब यहां उपस्थित सभी सदस्यों व कार्यकर्ता रोहिणी जीरो में मुख्यमंत्री का स्वागत करने पहुंचे।
मुख्यमंत्री जब रोहिणी जीरो में पहुंची, तबतक अंधेरा हो गया था। अंधेरे के बीच भी मुख्यमंत्री के स्वागत में लोग डटे रहे। जैसे यहां मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचा, लोगों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बुधवार 23 अक्टूबर के दिन मुख्यमंत्री गिद्ध पहाड़ क्षेत्र स्थित नेताजी इंस्टीट्यूट में जाने की संभावना जताई है।
दोपहर दो बजे कर्सियांग के नया बाजार क्षेत्र स्थित टाउन सार्वजनिक भवन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। मुख्यमंत्री के कर्सियांग आगमन को लेकर कर्सियांग मोटर स्टैंड व आसपास इलाकों में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस सुरक्षा बल आदि की काफी चहल - पहल बढ़ गई है। जानकारी अनुसार सिलीगुड़ी से कर्सियांग आगमन के दौरान रोहिणी क्षेत्र में भी लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।