हावड़ा नगर निगम के खिलाफ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर किया अभिनव प्रदर्शन
हावड़ा नगर निगम इलाकों में बदहाली के खिलाफ बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) उत्तर हावड़ा मंडल 1-3 की ओर से निगम मुख्यालय का घेराव किया गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : हावड़ा नगर निगम इलाकों में बदहाली के खिलाफ बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) उत्तर हावड़ा मंडल 1-3 की ओर से निगम मुख्यालय का घेराव किया गया। पूरे शहर की सड़कों की बदहाली, पेयजल की अशुद्धता, जलजमाव, गंदगी, संक्रमित इलाकों में कोरोना जांच केंद्र की कमी आदि समस्याओं की तरफ निगम प्रशासन का ध्यान दिलाने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अभिनव तरीके से ढोल बजा कर विरोध प्रदर्शन किया।
सुबह गोलमोहर मैदान से तकरीबन 100 भाजयुमो कार्यकर्ताओं का जुलूस ढोल नगाड़े बजाते हुए निगम मुख्यालय पहुंचा। इस दौरान निगम प्रशासन पर कुंभकरण की नींद में होने का आरोप लगाते हुए उसे जगाने के लिए जमकर ढोल बजाया। इस मौके पर हावड़ा नगर निगम के प्रशासक धवल जैन की अनुपस्थिति में निगम के पर्सनल अधिकारी सोमनाथ दास को उत्तर हावड़ा भाजयुमो मंडल 1 और 3 के अध्यक्ष आनंद दुबे, राजेश राय व पूर्व भाजपा पार्षद गीता राय ने हावड़ा शहर की समस्याओं पर एक ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में निगम प्रशासन से इन समस्याओं का तुरंत निदान करने की मांग की। जुलूस व विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो के वरिष्ठ नेता उमेश राय सहित अन्य भी मौजूद रहे।