भाजपा से डरने लगी है मां,माटी और मानुष की सरकार: भाजयुमो
भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते प्रभाव से मां,माटी और मानुष की सरकार पूरी तरह डरने लगी है। असम की तरह यहां भी बीजेपी की सरकार होगी।
सिलीगुड़ी, [जागरण संवाददाता]। भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते प्रभाव से मां,माटी और मानुष की सरकार पूरी तरह डरने लगी है। जिस प्रकार नियम व कानून को हाथ में लेकर सूबे की सरकार जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है, वह ठीक नहीं है। असम की तरह यहां भी बीजेपी की सरकार होगी।
यह कहना है भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह बंगाल प्रभारी इजाज हुसैन तथा प्रदेश अध्यक्ष देवजीत सरकार का। वे दक्षिण बंगाल के कांथी से भाजपा-तृणमूल समर्थकों में हुए भीषण संघर्ष के बाद पश्चिम बंगाल भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में ‘प्रतिरोध संकल्प अभियान’ को लेकर शुक्रवार की दोपहर कंचनजंघा स्टेडियम के निकट पहुंचे थे। नेता द्वय ने कहा तृणमूल कांग्रेस बल प्रयोग कर जुलूस को रोकने की कोशिश कर रही है,लेकिन हम इससे पीछे नहीं हटने वाले। तृणमूल अदालत के आदेश या लोकतंत्र का पालन नहीं कर रही है। हम किसी भी कीमत पर जुलूस को अंजाम तक पहुंचाएंगे। 34 वर्षों के कुशासन को समाप्त कर जब ममता बनर्जी सत्ता में आई थी तो जनता को लगा कि उनकी आशाओं को यह सरकार पूरा करेगी। छह सालों में जनता के विश्वास के साथ छल किया है। लोग प्रशासन और सरकार की मनमानी का उसी भाषा में जबाव देने को आतुर है। इस सवाल पर कि,न्यायालय के आदेश के बावजूद क्या यात्र को रोकने का प्रयास हुआ? दोनों नेताओं ने कहा कि सिर्फ रोकने का ही प्रयास नहीं, बल्कि लगातार हमले भी किए गये। मालदा जिले के फुलासी में प्रतिरोध संकल्प अभियान को रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं मां माटी मानुष जिंदाबाद,ममता बनर्जी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। जबकि पुलिस भी मौजूद थी। कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसा लगता है कि राज्य में या तो राष्ट्रद्रोहियों के सामने टीएमसी ने हार मान ली है या फिर राष्ट्रद्रोहियों ने भी टीएमसी का झंडा थाम लिया है। जरा विचार करें 12 से रैली निकाली जानी थी। परंतु सरकार ने अनुमति नहीं दी। कोर्ट ने 15 से 20 जनवरी तक रैली निकालने के आदेश दिए थे। इस दौरान पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा है। इतना ही नहीं कोर्ट ने यह भी निर्देश दे रखा है कि बाइक रैली के दौरान सबसे आगे ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, बीच में जुलूस व सबसे पीछे अदालत द्वारा नियुक्त एक स्पेशल अधिकारी रहेंगे। उसका पालन हो रहा है। उसके बाद भी सिलीगुड़ी में रैली को प्रवेश नहीं करने देने को प्रयास हुआ। रैली में शामिल वाहन को रोककर चेकिंग की जा रही है। भाजयुमो के युवा सिर पर कफन बांधकर निकले हैं, अंजाम चाहे जो हो।
शांतिपूर्वक जारी है अभियान : माननीय उच्च न्यायालय द्वारा प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक रवि शंकर दत्त ने बताया कि प्रतिरोध संकल्प अभियान रैली शांतिपूर्वक चल रही है। प्रशासन से सहयोग लेकर कानून व्यवस्था का पालन हो रहा है। रैली को बागडोगरा के आगे सिर्फ रुट जानने के लिए ही रोका गया था,किसी ने इसे नहीं रोका था। प्रत्येक थाना क्षेत्र में यात्रा को लेकर सुरक्षा चाक चौबंद है।