भाई की पत्नी से अवैध संबंधों का विरोध करने पर हत्या करने का आरोप
दक्षिण 24 परगना जिले के पाथरप्रतिमा थानांतर्गत बरोदापुर गांव में एक गृहिणी की संदिग्ध हालत में मौत का मामला प्रकाश में आया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। दक्षिण 24 परगना जिले के पाथरप्रतिमा थानांतर्गत बरोदापुर गांव में एक गृहिणी की संदिग्ध हालत में मौत का मामला प्रकाश में आया है। उसकी पहचान सरस्वती (35) के रूप में हुई। वह नामखाना के नारायणपुर की रहने वाली थी। उसका सात साल का एक बेटा भी है।
मृतका के पिता ने अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति और सास के साथ ही देवर-देवरानी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आरोप के आधार पर पुलिस ने पति निशिकांत, उसकी मां और भाई की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि घटना के बाद से निशिकांत का छोटा भाई फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक 11 साल पहले नामखाना निवासी सरस्वती की शादी बरोदापुर के रहने वाले निशिकांत जाना के हुई थी। आरोप है कि पिछले कुछ वर्षो से निशिकांत का अपने ही भाई की पत्नी के साथ अवैध संबंध बन गया था। जब सरस्वती को इसका पता चला, तो उसने विरोध शुरु कर दिया। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होने लगा। निशिकांत अक्सर सरस्वती की पिटाई भी करता था।
पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े को सुलझाने के लिए कई बार गांव में सालिसी सभा भी बुलाई गई थी। लेकिन स्थायी समाधान कभी नहीं निकला। वहीं, मृतका के पिता ने बताया कि निशिकांत इसके पहले काम के सिलसिले में दिल्ली में था। वहां कोई गलत काम करने के कारण निकाल दिया गया था। यही नहीं, चार साल की जेल भी हुई थी। वहां से घर लौटने के बाद से वह सरस्वती से बार-बार घर से भगाने की कोशिश करता। मारपीट करता। घर से नहीं जाने पर जान से मारने की धमकी भी देता था।
उसकी हरकतों से आजिज होकर सरस्वती ने दो माह पहले पति के खिलाफ पाथरप्रतिमा थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके साथ वह ससुराल से अपने मायके आ गई थी। तीन-चार दिन पहले ही वह वापस अपने ससुराल गई थी।
गत गुरुवार को घर में कोई नहीं था। तभी निशिकांत और सरस्वती के बीच फिर झगड़ा शुरु हुआ। आरोप है कि निशिकांत ने सरस्वती का गला घोंट कर हत्या कर दी। फिर खुदकशी दिखाने के लिए रस्सी के सहारे फंदे से लटका दिया। साथ ही मायके फोन कर बेटी के खुदकशी कर लेने की सूचना दी।