बंगाल में नए पार्टी कार्यकर्ता ने की भाजपा के पुराने नेता की पिटाई
Beating of BJP Leader. बंगाल में भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी में शामिल हुए एक नए कार्यकर्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुराने नेता को पीट दिया।
संवाद सहयोगी, बैरकपुर। बंगाल के टीटागढ़ में भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी में शामिल हुए एक नए कार्यकर्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुराने नेता को पीट दिया। घटना टीटागढ़ नगरपालिका के सात नंबर वार्ड में हुई। वहां भाजपा नेता अंकित साव की पिटाई राजीव सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर की। राजीव हाल में भाजपा में शामिल हुआ है। पिटाई से अंकित साव के कान से खून निकल आया। अंकित सात नंबर वार्ड के शक्ति केंद्र के प्रमुख हैं। इस घटना के प्रतिवाद में शुक्रवार रात भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने टीटागढ़ थाना के सामने प्रदर्शन करते हुए राजीव सिंह की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, पिछले कई दिनों से टीटागढ़ नगर पालिका के सात व आठ नंबर वार्ड में अंकित साव के नेतृत्व में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। राजीव ने फोन करके अंकित को उसके इलाके में आने से मना किया था। अंकित धमकी को नजरंदाज कर उसके इलाके में सदस्यता अभियान चला रहे थे। इसे लेकर शुक्रवार शाम राजीव ने अपने साथियों के साथ अंकित की लात-घूंसे व बांस से पिटाई की। पिटाई में जख्मी अंकित को बीएन बोस महकमा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने टीटागढ़ थाने में राजीव तथा उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई और थाने के सामने प्रदर्शन भी किया। थाने के सामने चल रहे प्रदर्शन की खबर पाकर वहां पहुंचे टीटागढ़ भाजपा मंडल के अध्यक्ष रवींद्र सिंह ने दावा किया कि राजीव स्व-घोषित भाजपा कार्यकर्ता है।
भाजपा की ओर से उसे सदस्यता नहीं दी गई है। वह तृणमूल का बदमाश है। उसके खिलाफ टीटागढ़ थाने में आठ अगस्त, 2018 और सात जनवरी, 2019 को दो आपराधिक मामले दर्ज हुए थे। उसने तृणमूल नेताओं की शह पर भाजपा के सदस्यता अभियान को बाधित किया है। दूसरी ओर, टीटागढ़ नगरपालिका के प्रधान प्रशांत चौधरी ने कहा कि भाजपा के आपसी विवाद के कारण यह घटना घटी है। इससे तृणमूल का कोई लेना-देना नहीं है।
बंगाल की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप