भू-स्खलन से फंसे 100 यात्रियों को सेना ने सुरक्षित निकाला
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : उत्तर सिक्किम में भू-स्खलन में फंसे पर्यटकों को सेना व वायुसेना
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : उत्तर सिक्किम में भू-स्खलन में फंसे पर्यटकों को सेना व वायुसेना ने स्थानीय प्रशासन की मदद से हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकालने काम शुरू कर दिया गया है। आर्मी त्रिशक्ति कोर व वायुसेना ने 100 से ज्यादा पर्यटकों को हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाल लिया है। आर्मी त्रिशक्ति कोर से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर सिक्किम के लाचूंग, चाटेन व चुंगथाम में तीन दिन पहले भारी बारिश के चलते कई जगहों पर हुए भू-स्खलन से सड़कें और ब्रिज क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिसके चलते इन क्षेत्रों का सिक्किम के अन्य भागों से संपर्क भंग हो गया। बताया गया कि स्थानीय प्रशासन की मांग पर सेना व वायुसेना की ओर से पिछले तीन दिनों से हेलीकॉप्टर से पर्यटकों को निकालने का किया जा रहा है। महिलाएं, बच्चे समेत अब तक 100 पर्यटकों को गंगटोक व सेवक पहुंचाया जा सका है। मंगन में फंसी एक गर्भवती महिला व उसके पति को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सेना द्वारा गंगटोक व सेवक पहुंचने पर लोगों को चिकित्सकीय सहायता भी प्रदान की जा रही है। इसके अलावा पर्यटकों के लिए तिरपाल, कंबल व खाने-पीने समेत जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। बताया गया कि प्रभावित क्षेत्र में फंसे सभी लोगों को जब तक वहां से निकाल नहीं लिया जाता है, तब तक लगातार अभियान जारी रहेगा।