हुंकार रैली में विद्यार्थी परिषद ने ममता पर बोला हमला
राजनीति - राज्य की सत्ता दो-दो मुख्यमंत्रियों के हवाले -टीपू सुल्तान मस्जीद से चल रहा है राज्य क
राजनीति
- राज्य की सत्ता दो-दो मुख्यमंत्रियों के हवाले
-टीपू सुल्तान मस्जीद से चल रहा है राज्य का शासन
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी ने बुधवार को राज्य की ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। वह सिलीगुड़ी के बाघाजतीन पार्क में आयोजित हुंकार रैली को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियों की जो मुख्यमंत्री सुरक्षा नहीं पर पातीं उनको सत्ता में रहने का कोई हक नहीं। तृणमूल ने इन दिनों विधानसभा चुनाव पूर्व एक नया नारा दिया है। कहा गया है हमें चाहिए बंगाल की बेटी। नारा देने वाले नेताओं को बंगाल की बेटियों से भी जाकर जानकारी लेनी चाहिए क्या वह बंगाल की बेटी को सत्ता में बैठे देखना चाहतीं हैं। जिस बंगाल की बेटी को 34 वर्षो के कुशासन से मुक्ति दिलाकर सत्ता सौंपा आज वही युवाओं की सबसे बड़ी दुश्मन बन बैठी हैं। ममता बनर्जी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि राज्य में दो मुख्यमंत्री सरकार चला रहे हैं। एक मुख्यमंत्री अपने कार्यालय से सत्ता चलाती हैं तो दूसरा सुपर मुख्यमंत्री टीपू सुल्तान मस्जिद में बैठकर फतवा जारी करता है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम तुष्टीकरण और सत्ता के मद में मुख्यमंत्री इतनी चूर हैं कि दुराचार के बाद पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पैसे की बोली लगाती हैं। हमें ऐसी मुख्यमंत्री नहीं चाहिए जिसे श्री राम के नाम से नफरत होती हो। हमें ऐसी मुख्यमंत्री नहीं चाहिए जिसके राज्य में मानव तस्करी, दुराचार और राजनीतिक हत्याएं होती हों। हमें ऐसी मुख्यमंत्री नहीं चाहिए जो हनुमान जयंती पर पुलिस से भक्तों पर लाठीचार्ज करवाएं। हमें ऐसी मुख्यमंत्री नहीं चाहिए जो मुसलमानों को खुश रखने के लिए हिंदुओं के धाíमक आस्था पर चोट पहुंचाए। हमें ऐसे मुख्यमंत्री को बदलना होगा जो 20,000 से अधिक रोजगार देने वाले उद्योग को बंगाल के बदले बाग्लादेश ले जाने पर मजबूर किया। उत्तर बंगाल में एम्स की स्थापना नहीं कर यहां के लोगों के साथ अन्याय करे।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में कॉलेज कैंपस को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसका विरोध करने पर छात्र-छात्राओं को बाहर के गुंडों से पिटवाया जाता हो। हमें बंगाल में ऐसी बेटी चाहिए जो सुरक्षित नारी,सुरक्षित पश्चिम बंगाल और शिक्षा के बदले भिक्षा नहीं दे। राजनीतिक हिंसा से बंगाल को मुक्त करवाए।
इसी मंच से राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री आशीष चौहान राष्ट्रीय सचिव,सप्तऋषि सरकार, संयुक्त संगठन मंत्री श्री निवास, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंशु शेखर, विराज विश्वास ,बालू चंद्र साहू आदि ने संबोधित किया। इन सभी ने राज्य की ममता सरकार पर निशाना साधा।
रैली में बड़ी संख्या में एकत्र हुए छात्र
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की हुंकार रैली में बड़ी संख्या में उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों से विद्यार्थी पहुंचे। इन छात्र-छात्राओं ने सुबह से ही सिलीगुड़ी पहुंचना शुरू कर दिया था। शहर के महानंदा ब्रिज स्थित सूर्यसेन पार्क के निकट से कड़ी सुरक्षा के बीच महारैली निकाली गई। बाघाजतीन पार्क पहुंचने के बाद यह हुंकार रैली जनसभा में तब्दील हो गई। बाइक सवारों ने ममता जिंदाबाद के लगाए नारे
बाघाजतीन पार्क से जनसभा के दौरान दर्जन भर से अधिक तृणमूल समर्थक बाइक पर सवार होकर पार्क का चक्कर काटते रहे। यह यभी लोग विद्यार्थी परिषद की रैली के दौरान ममता बनर्जी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। इसके कारण वहां कुछ समय के लिए तनाव भी उत्पन्न हुआ। पुलिस को इस बात की जानकारी दी गई। पुलिस ने बाइक सवारों से बातचीत की। उसके बाद सभी बाइक सवार नारेबाजी करते हुए वहां से चले गए।