धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी नवग्रह मंदिर परिवार एवं महिला वर्ग सिलीगुड़ी की ओर से श्रीमद्भागव
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: नवग्रह मंदिर परिवार एवं महिला वर्ग सिलीगुड़ी की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन स्थानीय नवग्रह मंदिर परिसर में किया गया है। इसी क्रम में कथावाचक प्रमोद सुधाकर महाराज के सानिध्य में बहुत ही धूमधाम से श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर आलकी पालकी जय कन्हैया लाल के जयकारे से गूंज उठी नगरी। रंगारंग झांकी भी निकाली गई। ऐसे में भगवान कृष्ण के दर्शन को आतुर दिखे श्रद्धालु। हरे राम हरे कृष्णा का जयकारा की गूंज बीच-बीच में सुनाई पड़ रही थी। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस मौके पर प्रमोद सुधाकर महाराज ने कहा कि जब-जब भक्तों ने भगवान को पुकारा वे उनकी सहायता के लिए अवतरित हुए हैं। सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पुरी होती है। इसलिए हमेशा प्रभु का नाम जपते रहे। भगवान हमेशा अपने भक्तों की पुकार को सुन पृथ्वी पर अवतरित हो उनके दुखों का संहार करते हैं। इसलिए उठते-बैठते, जागते-सोते उस परमात्मा का नाम अवश्य लेना चाहिए। प्रभु का नाम जपने से ही जीवन को सही दिशा मिल सकती है। आयोजक समिति की ओर से बताया गया कि विश्व शांति हेतु उक्त कथा का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्य अपना विशेष योगदान दे रहे हैं। नेपाली भाषा में भी कथा की जा रही है। असम से आए पं. मोहन पोखरेल के द्वारा नेपाली भाषा में कथा की जा रही है। इस अवसर को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है। खासकर महिलाएं भागवत कथा को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रही है।