संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे,बढ़ेगी रोग प्रतिरोधक क्षमता
-जानकारी के अभाव में आई बिक्री में आई कमी -रेस्टोरेंटों और फास्ट फूड की दुकाने ब
-जानकारी के अभाव में आई बिक्री में आई कमी
-रेस्टोरेंटों और फास्ट फूड की दुकाने बंद होने से भी परेशानी
-घरेलू खपत शुरू होने से धीरे-धीरे स्थिति में सुधार जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : कोरोना के इस आतंकित काल में अंडा काफी उपयोगी खाद्य पदार्थ साबित हो रहा है। इस समय कहा जा सकता है कि संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे। डॉक्टरों की भी यही राय है। कोरोना से बचने के लिए शरीर की प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाने में अंडे का महत्वपूर्ण योगदान है। लेकिन इसके बाद भी अंडे का व्यापार मंदा चल रहा है। अंडे की कीमत में भी गिरावट आई है।
कोरोना की वजह व्यापार जगत संकट के दौर से गुजर रहा है। गल्ला, साक-सब्जी, मछली-मांस आदि खाद्य व दवाई को छोड़ दें तो अन्य व्यापार चौपट हो गया है। मछली-मांस और अंडे की घरेलू खपत काफी बढ़ी है। लेकिन संस्थागत खपत कम होने से अंडे की कीमत में गिरावट आई है। अंडा व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना के इस माहौल में जारी लॉकडाउन की वजह से होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट-फूड की दुकानें व ठेले बंद हैं। जिसकी वजह से अंडे की संस्थागत खपत में काफी गिरावट आई है। वहीं अंडे की घरेलू खपत बढ़ी है। सिलीगु़ड़ी के चंपासारी बाजार के थोक अंडा व्यापारी स्वपन सामंत ने बताया कि कोरोना का आतंक फैलते ही मुर्गी और अंडे का व्यापार मंदा हो चला था। बल्कि बीच में तो प्रति मुर्गी पचास रुपए में भी बेचनी पड़ी थी। लेकिन फिलहाल मुर्गी के मांस की घरेलू मांग बढ़ी है। जिसकी वजह से कीमत में सुधार हुआ है। लेकिन अंडे की कीमत में गिरावट हुई है। व्यापारी ने आगे बताया कि अंडे की घरेलू मांग तो बढ़ी है, लेकिन होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड की दुकानों व ठेले वालों की खपत पूरी तरह से बंद है। जिसकी वजह से अंडे की कीमत में गिरावट आई है। लॉकडाउन के पहले अंडे के एक कैरेट की कीमत 140 रुपए थी, जबकि फिलहाल 110 से 120 रुपए प्रति कैरेट है।
अंडे के व्यापार में भले ही गिरावट आई हो, लेकिन कोरोना के इस इस काल में अंडा काफी उपयोगी है। विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना से बचाव के लिए शरीर की प्रतिरोधी क्षमता को बढ़ाना अहम हथियार है। शरीर की प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाने में अंडे का महत्वपूर्ण योगदान है।
शरीर की प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाने में विटामिन सी और डी के साथ प्रोटीन का योगदान महत्वपूर्ण है। अंडे में काफी प्रोटीन पाया जाता है। अंडे के रोजाना सेवन से शरीर में प्रोटीन की मात्रा आवश्यकता अनुसार बनी रहेगी। जिसकी वजह से शरीर की रोग प्रतिरोधी क्षमता भी बढ़ेगी। जिससे कोई भी वायरस जल्दी प्रहार नहीं कर सकेगा।
-डॉ. कौशिक भंट्टाचार्य