महानंदा को बचाने का दिया पैगाम
महानंदा नदी रैली जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी जल शून्य हो चुकी कावेरी नदी के
फोटो : संजय 20 अथवा 21 जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :
जल शून्य हो चुकी कावेरी नदी के पुनरुद्धार हेतु 'कावेरी कॉलिंग' आंदोलन में कार्यरत संस्था 'ईशा फाउंडेशन' की ओर से शुक्रवार को यहां शहर में जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को महानंदा नदी बचाने का पैगाम दिया गया। इस रैली में सिलीगुड़ी मेयर अशोक भट्टाचार्य भी सम्मिलित हुए। रैली महानंदा नदी के लाल मोहन मौलिक निरंजन घाट से शुरू हुई। एयर व्यू मोड़, हिलकार्ट रोड, सेवक मोड़ व हाशमी चौक होते हुए बाघाजतीन पार्क तक जा कर रैली संपन्न हुई। इसमें शामिल सदस्यों ने पोस्टर प्रदर्शित करते हुए लोगों को सजगता के संदेश दिए।
इस अवसर पर मेयर अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि शहर के बीचों-बीच जीवन रेखा सी बहने वाली महानंदा नदी के कायाकल्प हेतु नगर निगम हरसंभव कार्य करने को तत्पर है। इस दिशा में आम नागरिकों की भी सजगता व सहयोग सर्वोपरि है। जैसे यह संस्था महानंदा नदी बचाने की दिशा में आगे आई है वैसे अन्य संगठन-संस्थाओं को भी इस दिशा में आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर इशा फाउंडेशन की ओर से इशा रचना रसाइली बरुआ ने कहा कि जल शून्य कावेरी नदी को पुनर्जीवित करने हेतु वे लोग उस नदी के आसपास के क्षेत्रों में दो करोड़ पौधे लगाएंगे। इसी कड़ी में यहां सिलीगुड़ी शहर की जीवन रेखा सी बहने वाली नदी महानंदा के संरक्षण को भी वे लोग तत्पर हैं। यहां भी महानंदा के आस-पास 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने इस दिशा में लोगों से इशा फाउंडेशन का सहयोग करने की अपील की। कहा कि प्रति व्यक्ति मात्र 42 रुपये यदि लोग दान दें तो उक्त सपना साकार होते देर नहीं लगेगी। उन्होंने इस दिशा में सभी बढ़-चढ़ कर आगे आने व सहयोग करने की अपील की है। इस दिन रैली में फाउंडेशन के अनेक सदस्य सम्मिलित रहे।