तीन दिवसीय योगोत्सव का शुभारंभ
- स्वामी शिवराजानंद सरस्वती ने कराया योग -विभिन्न स्थानों से योग करने वालों की उमड़ी भीड़
- स्वामी शिवराजानंद सरस्वती ने कराया योग
-विभिन्न स्थानों से योग करने वालों की उमड़ी भीड़ फोटो: राजेश
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : बिहार स्कूल ऑफ योगा, बिहार की ओर से तीन दिवसीय योगोत्सव का शुभारंभ इंडोर स्टेडियम, देशबंधुपाड़ा में हुआ। उक्त कार्यक्रम में जायसवाल व्याहुत सेवा ट्रस्ट सहयोगी की भूमिका में है। इस मौके पर योग विद्यालय की ओर से स्वामी शिवराजानंद सरस्वती ने योग करवाया। साथ ही किस प्रकार से योग के माध्यम से मन को मजबूत किया जा सकता है, इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने योग करवाते हुए बताया कि शरीर में होने वाली अधिकतर बीमारियां कमजोर मन की वजह से ही होती है। ऐसे में आवश्यक है मन को मजबूत करने की। योग के माध्यम से मन को मजबूत किया जा सकता है। इस दौरान कई योग, प्राणायाम, आसन इत्यादि करवाए गए। साथ ही उन्होंने योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को योग करना चाहिए। योग के द्वारा ही शरीर और मन को स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने योग निद्रा के बारे में भी जानकारी दी। निश्शुल्क रूप से उक्त शिविर आयोजित किया गया है। इस योग शिविर में काफी संख्या में लोग शामिल हुए। इंडोर स्टेडियम में सुबह से ही योग करने वाले लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी।