भारी बारिश से पूरा शहर पानी-पानी,जन जीवन पर प्रभाव
-अगले 48 घंटे तक राहत की संभावना नहीं -प्रशासन ने भी की निबटने की तैयारी -नगर निगम में
-अगले 48 घंटे तक राहत की संभावना नहीं
-प्रशासन ने भी की निबटने की तैयारी
-नगर निगम में कंट्रोल रूम की स्थापना
-आपात स्थिति के लिए दो नाव भी तैयार
-महानंदा में जल भरने से निचले इलाके जलमग्न
-निकासी व्यवस्था की खुली पोल,लोगों में रोष जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : मंगलवार रात से ही लगातार भारी बारिश ने पूरे सिलीगुड़ी शहर को पानी-पानी कर दिया है। सिर्फ सिलीगुड़ी शहर ही नहीं बल्कि आस-पास के इलाके में भी भारी बारिश से जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। सिलीगुड़ी नगर निगम समेत महकमे के निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार बारिश की वजह से शहर के शातिपाड़ा, अम्बिकानगर व साउथ कॉलोनी समेत आस-पास के इलाकों में जहां-तहां जल-जमाव की स्थिति देखी गई। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश से अम्बिकानगर अंडरपास में घुटने तक पानी भर गया है। जिसके कारण बुधवार सुबह इलाके के लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने रोष भी प्रकट किया। उनका कहना था कि प्रतिदिन काफी संख्या में विद्यार्थियों समेत लोग आवागमन करते हैं। बुधवार सुबह जल-जमाव के कारण सड़क दिखाई नहीं दे रही थी। इस दौरान एक वाहन डिवाइडर से भी जा टकरायी। जल-जमाव की वजह से रेल अंडरपास के एक तरफ से यातायात पूरी तरह से कुछ देर के लिए बंद कर देना पड़ा। सिलीगुड़ी शहर में बुधवार सुबह से ही जो बारिश शुरू हुई वह दोपहर बाद तक जारी रही। बाजार-हाट पर भी इसका सीधा असर देखने को मिला। शहर में दुकानें देर तक बंद रही। बाद में दुकानें खुली,लेकिन बाजार में भीड़भाड़ नहीं दिखी। बारिश के कारण वाहनों की आवाजाही भी कम रही। पहाड़ पर कई स्थानों पर भूस्खलन से वहां जाने वाली गाड़ियां कम चली। दूसरी ओर भारी बारिश से सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में निकासी व्यवस्था की एक बार और पोल खुल गई। जल निकासी व्यवस्था ठीक नहीें होने के कारण शहर के कई वार्डो में जल जमाव से लोगों को परेशानी हुई। इससे लोगों में रोष भी देखा गया। इस बीच मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अनुसार मंगलवार को पिछले 24 घंटे के अंदर 111.04 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग सूत्रों ने आगे बताया कि अगले 48 घंटे तक बारिश से राहत मिलने की कोई संभावना नहीें है। सिर्फ सिलीगुड़ी शहर ही नहीं,पूरे उत्तर बंगाल में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के इस अनुमान को देखते हुए प्रशासन ने भी आपात तैयारी कर ली है। सिलीगुड़ी नगर निगम ने स्पेशल कंट्रोल रूम की स्थापना की है। दो नाव भी तैयार रखा गया है। इधर,महानंदा नदी खतरे के निशान से अभी नीचे बह रही है। हांलाकि इसका जल स्तर दिन में काफी बढ़ गया। समय बीतने के साथ ही जल स्तर में कमी आई। सिलीगुड़ी नगर निगम के डिप्टी मेयर राम भजन महतो ने बताया कि बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। बारिश की वजह से कहीं से किसी तरह गंभीर समस्या सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि बारिश रुकने के साथ ही पानी निकल जा रहा है। अगर कहीं पानी लगा भी है तो वहां भी कोई गंभीर स्थिति नहीं है। आपातकालीन स्थिति के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम में हर साल की तरह की इस साल भी कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। वहीं सिलीगुड़ी के एसडीओ शिराज दानेश्वर का भी कहना है कि बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आपातकालीन स्थिति के लिए दो नाव तैयार रखा गया है।