West Bengal: अब रात के अंधेरे में उत्पीड़न का शिकार हुए बांग्ला अभिनेता
पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया और महिला बाक्सर के बाद अब टालीवुड अभिनेता जीतू कमल को नशे में धुत वाहन चालक के उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया और महिला बाक्सर के बाद अब टालीवुड अभिनेता जीतू कमल को नशे में धुत वाहन चालक के उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। विरोध करने पर वाहन सवार लोगों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित अभिनेता ने थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर सोशल मीडिया पर पूरी घटना को बयां किया है।
सूत्रों के अनुसार गुरुवार रात करीब 2 बजे शूटिंग निपटा कर सोदपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। बाइपास पर एक कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी और फरार होने लगा। उन्होंने पीछा कर उक्त कार को रोक लिया तो नशे में धुत चालक और उसमें सवार लोगों ने मेरे साथ गाली-गलौज की और हथियार निकाल कर जान से मारने की धमकी दी।
आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बाद पुलिस उनके साथ संपर्क तो बराबर कर रही थी। साथ ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई अगले दिन करने की बात भी स्पष्ट कर दी थी। बीच सड़क रात के अंधेरे में वाहन सवारों द्वारा उत्पीड़न और पुलिस की निष्क्रियता से परेशान अभिनेता ने पूरी घटना को सोशल मीडिया पर बयां कर दी। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार की फोटो भी अपलोड कर दी।
जीतू ने लिखा की शूटिंग से वह घर लौट रहे थे। रास्ते में नशे में धुत दादा लोगों ने पहले उनकी कार में टक्कर मार दी। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। अजब परिवेश है। अभिनेता ने पुलिस की भूमिका पर भी नाराजगी दर्ज की।
अभिनेता ने पाटुली थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपितों की शिनाख्त करना शुरू कर दिया है।