एक साथ साढ़े 18 हजार बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को कागज पर उकेर बनाया रिकॉर्ड
सिलीगुड़ी के कंचनजंघा स्टेडियम में चल रहे उत्तर बंग उत्सव में सोमवार को बच्चों की रिकॉर्ड भीड़ जुटी। अवसर चित्रांकन प्रतियोगिता का था।
-
>
- प्रतियोगियों की जुटी रिकॉर्ड संख्या, गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में कराएंगे दर्ज : मंत्री
- मंत्री से हाथ मिलाने व उनका ऑटोग्राफ लेने को बच्चों में मची होड़
सिलीगुड़ी [जागरण संवाददाता]। उत्तर बंग उत्सव-2019 के तहत सोमवार को कंचनजंघा स्टेडियम में चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित हुई। राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगियों का भी खूब उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मंत्री से हाथ मिलाने व उनका ऑटोग्राफ लेने को बच्चों में होड़ मच गई। बच्चों की भीड़ चारों ओर इतनी उमड़ पड़ी कि मंत्री गिरते-गिरते बचे। उनके अंगरक्षक ने उन्हें बमुश्किल भीड़ से निकाला व कैंप में ले जा कर बिठाया।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षा वर्गों में शहर व आसपास के सरकारी-गैरसरकारी स्कूलों से 18 हजार 548 बच्चों ने भाग लिया व अपनी-अपनी कल्पनाओं-प्रतिभाओं को चित्रांकन के माध्यम से कागज पर उकेरा। हरेक प्रतिभागी को उपहार व प्रमाण पत्र दिया गया। प्रतियोगिता के दौरान कुछ प्रतियोगी बच्चों की हालत बिगडऩे लगी तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जा कर चिकित्सा कराई गई।
मंत्री गौतम देव ने कहा कि एक साथ एक जगह इतनी संख्या में चित्रांकन प्रतियोगिता में प्रतियोगियों के जुटने की नजीर कहीं और नहीं मिलती। इसलिए इसे हमलोग लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स व गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड्स में शामिल कराए जाने का प्रयास करेंगे। उस हेतु हमने चित्रांकन प्रतियोगिता में उमड़ी विद्यार्थियों की इस भारी संख्या की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी करा रखी है। इसे इतने व्यापक रूप में सफल बनाने हेतु उन्होंने सभी का आभार जताया है।
उत्तर बंग उत्सव कमेटी की चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजन समिति के संयुक्त संयोजक जयंत कर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में शहर व आसपास के सरकारी-गैरसरकारी स्कूलों से 18548 बच्चों ने भाग लिया। अलग-अलग कक्षाओं को लेकर कुल चार वर्गों में प्रतियोगिता हुई। हर वर्ग से 50-50 प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसे लेकर आगामी एक फरवरी को रामकिंकर हॉल में पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया है।