कूचबिहार, संवाद सूत्र। तृणमूल कांग्रेस के कूचबिहार जिलाध्यक्ष अभिजीत डे भौमिक का फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है। जिलाध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक की फेसबुक प्रोफाइल पिक्चर की जगह लड़कियों की तस्वीर लगा दी गई है। यहां तक कि कथित तौर पर उस पेज पर भोजपुरी गाने के वीडियो भी अपलोड किए गए हैं। पेज पर जाते ही मसालेदार भोजपुरी गानों का वीडियो दिखता है।
जिलाध्यक्ष ने बीजेपी पर लगाया आरोप
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि उनके फेसबुक पेज की हैकिंग के पीछे बीजेपी की आईटी सेल का हाथ है। उन्होंने अपने दूसरे फेसबुक अकाउंट से बांग्ला में फेसबुक पेज की हैकिंग के लिए सीधे-सीधे बीजेपी को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने शहर के साइबर क्राइम थाना से भी संपर्क किया और वहां शिकायत दर्ज कराई है।
जिलाध्यक्ष का यही फेसबुक पेज हैक कर लड़कियों की तस्वीर लगा दी गई है। फोटो स्रोत: सोशल मीडिया।
लगे आरोप-प्रत्यारोप
जिलाध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक ने कहा है कि वह अपने पेज से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लगातार पोस्ट करते थे, इसलिए उनका अनुमान है कि बीजेपी की आईटी सेल ने ही उनका फेसबुक पेज हैक कर लिया ग है। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष विराज बोस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कहा कि तृणमूल जिलाध्यक्ष ने अपने महत्व को बढ़ाने के लिए ये बातें कहीं हैं। बीजेपी को किसी के भी फेसबुक हैक करने की जरूरत नहीं है।
तृणमूल के आइटी सेल से संचालित था पेज
तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि जिले में पार्टी का अपना आईटी सेल है। जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष का फेसबुक पेज उसी सेल से संचालित होता था। जिले में पार्टी के हर कार्यक्रम की जानकारी दी जाती थी। जिलाध्यक्ष के सांगठनिक कार्यक्रमोंं की तस्वीर और सांगठनिक सूचनाओं के अलावा केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कई तरह के संदेश भी पोस्ट किए जाते थे। इस पेज के सत्तर हजार फॉलोअर्स हैं।
तृणमूल के आइटी सेल को पहली बार पता चला कि इस पेज को 31 अगस्त को हैक कर लिया गया था व्यवस्थापक बदल दिया गया था। इसके बाद हैकर्स ने पेज को खुद मैनेज करना शुरू कर दिया। कथित तौर पर मंगलवार (11 अक्टूबर) की रात को जिलाध्यक्ष के संगठनात्मक कार्यक्रम की प्रोफाइल फोटो हटाकर अन्य तस्वीरें व भोजपुुुरी के डांस-गाने का वीडियो पोस्ट कर दिया गया था। इसके बाद जिलाध्यक्ष ने आज साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई है।