94 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
- कोतवाली पुलिस ने चांदामारी इलाके में गांजा की अवैध तरीके से की जा रही फसल को नष्ट किया
- कोतवाली पुलिस ने चांदामारी इलाके में गांजा की अवैध तरीके से की जा रही फसल को नष्ट किया
संवाद सूत्र, कूचबिहार: गांजा के खिलाफ कूचबिहार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस क्रम में गुरुवार को कूचबिहार 1 नंबर ब्लॉक के चांदामारी इलाके में गांजा की अवैध तरीके से की जा रही फसल को नष्ट कर दिया गया। इस दिन पत्रकार वार्ता के दौरान कूचबिहार जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालटू हलदार ने कहा कि कूचबिहार के कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाकर 94 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम कमलाकांत बर्मन और संजीत बर्मन है। उनलोगों के पास से तीन बाइक भी जब्त की गई है। गांजा कूचबिहार से दूसरे राज्य में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। लालटू हलदार ने कहा कि कूचबिहार के कोतवाली थाना इलाके में ही नहीं बल्कि दिनहाटा, माथाभांगा समेत दूसरे इलाकों में भी गांजा तस्करी और गांजा की खेती के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों की माने तो कूचबिहार में गांजा की खेती करने वाले दूसरे राज्यों के हैं। स्थानीय किसानों को पैसे का लालच देकर खेती कराया जाता है। फिर इसी उत्पादित गांजा को दूसरे राज्यों में तस्करी किया जाता है। पुलिस को खबर मिलते ही उक्त इलाकों में जाकर फसल नष्ट की जाती है। इसके तहत ही कूचबिहार के 1 नंबर ब्लॉक चंदामारी इलाके में गांजा की फसल को नष्ट किया गया। पुलिस ने फसल को काटकर आग के हवाले कर दिया। कोतवाली थाने के आइसी सौम्यजीत राय ने कहा कि सुबह को पुलिस की एक विशेष टीम ने अभियान चलाकर कुल 18 बीघा जमीन में लगे गांजा की फसल को नष्ट किया।