विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल एसटीएफ ने कूचबिहार से तीन और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार किए, नेपाल कनेक्शन भी आया सामने

Published: Sat, 15 Aug 2026 11:01 PM (IST)

बंगाल एसटीएफ ने कूचबिहार के साहेबगंज से तीन और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया है।

कूचबिहार से तीन और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार।

कूचबिहार से तीन और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार।

HighLights

  1. बंगाल एसटीएफ ने कूचबिहार से तीन जासूस पकड़े।

  2. आरोपी आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे थे।

  3. नकली नोटों और सिम कार्ड भेजने में शामिल।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उत्तर बंगाल के कूचबिहार जिले के साहेबगंज इलाके से तीन और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

ये गिरफ्तारियां शुक्रवार देर रात साहेबगंज क्षेत्र से की गईं। गिरफ्तार आरोपितों नाम राशिदुल हक, नूर नसीरुद्दीन अली और शफीकुल इस्लाम हैं। जांच अधिकारी इनसे पूछताछ कर और अधिक जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये लोग पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के लिए जासूसी का काम कर रहे थे। एसटीएफ के सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपित भारत से मोबाइल सिम कार्ड उठाकर बांग्लादेश भेजते थे।

आरोप है कि वहां से ये सिम कार्ड पाकिस्तान पहुंच जाते थे। ये लोग नकली नोटों के कारोबार में भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस गहन जांच चला रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इनका संबंध कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किए गए अन्य पाकिस्तानी जासूसों से हैं ।

12 अगस्त को उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा से भारत-बांग्लादेश सीमा के पास खुफिया जानकारी के आधार पर फैसलाबाद (पाकिस्तान) निवासी राना रऊफ उर्फ वहाब आलम को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने वहाब आलम के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। एसटीएफ की प्रारंभिक जांच में आलम के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई से कथित संबंध सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। एनआइए ने बंगाल एसटीएफ से जांच के विवरण और अब तक जुटाई गई जानकारी मांगी है।

एसटीएफ ने आलम के पास से बरामद नेटबुक के डेटा को क्रैक कर उसके पांच नेपाल स्थित सहयोगियों के नाम भी हासिल किए। पूछताछ के दौरान आलम ने कबूल किया कि वह नेपाल स्थित ऑपरेटर्स के जरिए पाकिस्तान में अपने आईएसआई हैंडलर्स से संपर्क बनाए रखता था।

नवीनतम गिरफ्तारियों के साथ जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इन तीनों का वहाब आलम या उसके नेपाल स्थित सहयोगियों से कोई संपर्क था। पिछले महीने बंगाल पुलिस ने पूर्वी बर्धमान जिले के बर्दवान शहर में जैश-ए-मोहम्मद के सहयोगी हमिम मंडल को भी गिरफ्तार किया था।