138 नवागत भारतीयों को मिला जन्म प्रमाणपत्र
संवादसूत्र चेंगड़ाबांधा कूचबिहार जिले के मेखलीगंज ब्लाक के भोटबाड़ी के अस्थायी शिविर
संवादसूत्र, चेंगड़ाबांधा : कूचबिहार जिले के मेखलीगंज ब्लाक के भोटबाड़ी के अस्थायी शिविर में रहने वाले नवागत भारतीयों को जन्मपत्र प्रदान किया गया।
मालूम हो कि भारत-बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक समझौता के बाद से बांग्लादेश छोड़कर भारत में आने वाले लोगों को जन्म प्रमाणपत्र को लेकर परेशानी हो रही थी। इसे लेकर लोगों ने प्रशासन के पास कई बार शिकायत की। गुरूवार को एक कार्यक्रम के बीच लोगों के बीच प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। लोगों ने कहा कि भारत में आने के बाद से उनलोगों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं से जुझना पड़ रहा है। जिसमें जन्म प्रमाण पत्र न होना एक बड़ी समस्या थी।
गौरतलब है कि नवागत भारतीयों के हाथों जन्म प्रमाणपत्र देने को लेकर गुरूवार को भोटबाड़ी में प्रशासन की ओर से अस्थायी शिविर में एक कैंप का आयोजन किया गया। जहां पर मेखलीगंज के महकमा शासक राम कुमार तामांगा, बीडीओ सांगे यूडेन भूटिया, भोटबाड़ी ग्राम पंचायत के प्रधान मृत्युजंय सिंह सरकार, बीडीएमओ अरिजंल भौमिक ने लोगों के बीच प्रमाणपत्र बांटे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भोटबाड़ी के इस अस्थायी शिविर में छीटमहल के 47 परिवार रहते है। ये लोग बांग्लादेश के बांसकाटा, गोटमारी, लोथामारी इलाके से भारत में आए है। यहां पर आने के बाद से इनलोगों को विभिन्न प्रकार के कागजात तैयार करना पड़ा।
मेखलीगंज महकमा शासक राम कुमार तामांग ने कहा कि इस दिन भोटबाड़ी के अस्थायी शिविर में 138 लोगों को जन्म प्रमाणपत्र दिया गया है।