पालने में असमर्थ मां ने नवजात को फेंका
जागरण संवाददाता दुर्गापुर महिला का पति साथ नहीं रहता ऐसे में नौ माह जिस बच्चे को पेट म
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : महिला का पति साथ नहीं रहता, ऐसे में नौ माह जिस बच्चे को पेट में पाला, उसके पृथ्वी पर आने के एक दिन बाद ही बच्चे को फेंक दिया। बुधवार की रात बच्चा बरामद हुआ। आरंभ में उसकी मां का पता नहीं चला, लेकिन खोजबीन के बाद पुलिस ने मां को बरामद कर लिया एवं मामले की जांच शुरू की। यह घटना कांकसा ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र इलाके की है।
बुधवार की रात ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक बच्चे की आवाज सुनने को मिली। स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चे को ढूंढ निकाला। सूचना मिलने पर कांकसा थाना की पुलिस भी पहुंची एवं उसकी मां की तलाश शुरू की। अंत में उसके मां का भी सुराग मिला, जो कांकसा के बिरूडीहा गांव की निवासी है। महिला प्रसव पीड़ा को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हुई थी, संध्या समय उसने अस्पताल में ही पुत्र संतान को जन्म दिया था।
महिला ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह बच्चे का भरण-पोषण करने में असमर्थ है। इस कारण शिशु पुत्र को स्वास्थ्य केंद्र के समीप फेंक दिया। ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी बिप्लब मंडल ने बताया कि महिला ने बताया है कि मार्च माह में उसकी शादी हुई थी। लेकिन पति ने उसे छोड़ दिया था, वह उसके साथ नहीं रहता था। इस कारण वह परेशान थी। घटना की जानकारी चाइल्डलाइन को दी गई है। हालांकि मां और बच्चा दोनों ही स्वस्थ है।