गोवंश चुराकर ले जा रहे दो लोगों को भीड़ ने पीटा, पुलिस पर पथराव
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : दुर्गापुर की स्टील हाउस बस्ती में रविवार को दो मवेशी चोरों को
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : दुर्गापुर की स्टील हाउस बस्ती में रविवार को दो मवेशी चोरों को लोगों ने दबोचकर पिटाई शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको लोगों से बचाकर थाने ले जाने की कोशिश की। इससे भड़की भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। पथराव से एएसआइ सिद्धनाथ अधिकारी का सिर फट गया। पुलिस के कई जवानों को भी चोट लगी। किसी प्रकार स्थिति को नियंत्रित कर पुलिस मवेशी चोरों को थाना लाई। तीन स्थानीय लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
रविवार की सुबह स्टील हाउस बस्ती में चार लोग आबकारी विभाग का बोर्ड लगी पिकअप वैन लेकर पहुंचे थे। ये यहां से गोवंश को जबरन ले जाने लगे। तब तक स्थानीय लोगों को भनक लग गई। उन्होंने गोवंश लेकर जा रहे कांकसा के पानागढ़ निवासी अमीरुल शेख एवं आकाश बागदी को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। तब तक सैकड़ों लोगों की भीड़ पहुंच गई। पुलिस को मामले की सूचना मिली। वहां पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ से बचाकर एक खाली घर में बंद कर दिया। इधर स्थानीय लोगों का कहना था कि चोरों को भीड़ के हवाले किया जाए। जब पुलिस ने दोनों आरोपितों को थाना ले जाने का प्रयास किया तो लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। एक पत्थर एएसआइ सिद्धनाथ अधिकारी के सिर पर लगा। उससे उनका सिर फट गया। कई जवान भी पथराव से चोटिल हो गए। यह देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। लाठीचार्ज के कारण भाग रहे तीन स्थानीय लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
आधा दर्जन गोवंश की रविवार को हुई चोरी :
क्षेत्र के राजू ¨सह व अन्य लोगों ने बताया कि पुलिस चोरों पर कार्रवाई नहीं करती है। पहले भी मवेशी चोरों को पकड़कर थाने में दिया गया है। बावजूद चोरी की वारदातें थम नहीं रहीं हैं। रविवार को आधा दर्जन मवेशी चोरी हुए थे। इससे जनता में गजब का आक्रोश था। इस बीच गोवंश चुराकर ले जाते दोनों आरोपित भी पकड़ में आ गए। हम तो पुलिस को उन्हें सौंप रहे थे पर, पुलिस ने हमलोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। कोट :
दो मवेशी चोरों को पकड़ा गया है। उन्हें थाना लाने के दौरान लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को थोड़ा बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस पर हमला करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
- अभिषेक मोदी, पुलिस उपायुक्त पूर्व, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त कार्यालय