पानी की मांग को लेकर सड़क जाम
कुल्टी कुल्टी के 17 नंबर वार्ड में अनियमित पेयजलापूर्ति के विरोध व पर्याप्त पानी की मांग को ले
कुल्टी: कुल्टी के 17 नंबर वार्ड में अनियमित पेयजलापूर्ति के विरोध व पर्याप्त पानी की मांग को लेकर भाजपा के समर्थन में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को कुल्टी पत्थर खाद चौराहे को जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों के समर्थन में भाजपा कुल्टी विधानसभा के संयोजक राजेश सिन्हा, सह संयोजक ललन मेहरा, ओबीसी मोर्चा के नेता दशरथ यादव आदि शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता राजेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि 17 नंबर वार्ड के अधिकतर स्थानों पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। इस कारण यहां के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ता है। वर्तमान में पत्थर खाद, चमड़ा गोदाम, रांचीग्राम, पत्थर खाद सहित ग्रामीण एवं पिछड़े इलाकों में पानी की किल्लत है। यहां की महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे पानी के लिए दर दर भटकते हैं। पहले रामनगर से आने वाला पानी नियमित रूप से मिलता था, परंतु वर्तमान में अनियमित जलापूर्ति से पानी का हाहाकार मच गया है। लोगों को दूर दराज से पानी लाना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी होती है। सबसे अधिक परेशानी महिलाएं व बच्चों को हो रही है। पानी के अभाव में वे लोग इधर उधर भटकते रहते हैं। इस दौरान पत्थर खाद चौराहे को लोगों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगभग 4 घंटे जाम रखा। पुलिस के आने पर भी लोग नहीं माने। बाद में जल विभाग के सुपरवाइजर सलाउद्दीन अंसारी के पानी समस्या समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया।