विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सत्ता में आते ही Left की कार्बन कॉपी बन गई TMC', मुर्शिदाबाद में बोले पीएम मोदी

By Rajeev Kumar JhaEdited By: Abhishek Pratap Singh
Published: Sat, 11 Apr 2026 02:52 PM (IST)Updated: Sat, 11 Apr 2026 03:54 PM (IST)

पीएम मोदी ने पूर्वी बर्धमान में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में लुटेरों का हिसाब होगा और घुसपैठियों को खदेड़ा जाएगा।

बंगाल की रैली में पीएम मोदी।

बंगाल की रैली में पीएम मोदी।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राजीव कुमार झा, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को टीएमसी सरकार पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि बंगाल में वह मां, माटी, मानुष का नारा लगाकर सत्ता में आई थी, लेकिन अब घुसपैठियों द्वारा, घुसपैठियों के वोट से, घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है।

मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि बंगाल अब तुष्टीकरण और वोटबैंक के खेल को और बर्दाश्त नहीं करेगा।

'बंगाल में अब डर या भय का नहीं, अवसर का युग आएगा'

राज्य में घुसपैठ व डेमोग्राफी में तेजी से बदलाव पर चिंता जताते हुए मोदी ने कहा कि हम बंगाल में बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का विश्वास जताते हुए पीएम ने लोगों को भरोसा दिया कि बंगाल में अब डर या भय का नहीं, अवसर का युग आएगा।

मोदी ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। भाजपा का संकल्प है कि बंगाल में सभी के लिए एक कानून- समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए खत्म किया जाएगा।

मोदी ने कहा कि बंगाल अब भाजपा के साथ चलने का फैसला कर चुका है। भाजपा ने जो संकल्प लिया है, वो सिर्फ चुनावी वादा नहीं है, यह टीएमसी के महाजंगलराज और सिंडिकेट राज के अंत का शंखनाद है। हमारे बंगाल का इतिहास रहा है कि बंगाल जब परिवर्तन की ठान लेता है, तो उसे दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं पाती।

टीएमसी का अहंकार भी चूर-चूर होगा

आजादी की लड़ाई से लेकर आजादी के बाद तक, जिस-जिसने बंगाल को चुनौती दी, उसका अहंकार चूर-चूर हो गया। पहले अंग्रेजों का अहंकार टूटा, फिर कांग्रेस का अहंकार टूटा, फिर लेफ्ट का अहंकार टूटा, अब टीएमसी का अहंकार भी चूर-चूर होगा।

मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता ने लेफ्ट को निकाला। बड़ी आशा और उमंग के साथ मां, माटी, मानुष की बातें सुनकर टीएमसी को मौका दिया, लेकिन सत्ता में आते ही तृणमूल, लेफ्ट की कार्बन कापी बन गई। लेफ्ट के गुंडे तृणमूल में आ गए। लेफ्ट का सिंडिकेट तृणमूल में आ गया। पहले वोट के लिए लेफ्ट वाले धमकी देते थे, फिर वही गुंडे टीएमसी को वोट देने के लिए धमकी देने लगे। हथियार, नशे, मवेशियों की तस्करी, लेफ्ट का कट-कमीशन... सबका ठेका टीएमसी ने ले लिया है।

मोदी ने कहा कि बंगाल में अब एक और एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थान भी बनेंगे, ताकि हमारे युवाओं को घर के पास ही अच्छी शिक्षा मिल सके। बंगाल में भ्रष्टाचारियों को बचाने वाले सावधान हो जाओ। जो जनता का हक खाएगा, उसके लिए रेड कार्पेट नहीं बिछेगा, उसके लिए जेल के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।

पीएम मोदी ने किया टीएमसी पर हमला

वहीं, पूर्वी बर्धमान में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी की सरकार को निर्मम करार दिया और लोगों से इसे उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बर्धमान बंगाल का धान का कटोरा हुआ करता था, टीएमसी के कुशासन और माफिया राज के कारण आज अपनी चमक खो चुका है।

उन्होंने कहा कि बंगाल के किसानों के खाते में 800 करोड़ दिए हैं। यदि कोई फर्जी आधार कार्ड बनाता है तो वह किसानों का हक मार लेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल भाजपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया है वह शानदार है और बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।

'गिन-गिनकर किया जाएगा हिसाब'

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद यहां सिंडिकेट नहीं चलेगा। जितने भी भ्रटाचारी हैं, जिन्होंने राजनीतिक दंगा कराया है, हत्याएं हुई हैं उन सबका गिन गिन कर हिसाब होगा और चुन चुन कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल के राज्य कर्मियों को सातवां वेतनमान देने का भी वादा किया। बर्धमान की इस रैली में मोदी ने न केवल टीएमसी के 15 साल के ‘पाप’ का हिसाब मांगा, उन्होंने कहा कि टीएमसी के गुंडों पर भी कारवाही होगी।

यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव में वादों की जंग: 'दीदी की प्रतिज्ञा' बनाम भाजपा की 'शपथ'