आसनसोल होकर दौड़ेंगी दो अमृत भारत एक्सप्रेस, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
Amrit Bharat Express: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को आसनसोल स्टेशन से दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। ...और पढ़ें

अमृत भारत ट्रेनों को 18 जनवरी को पीएम दिखाएंगे हरी झंडी।
HighLights
पीएम मोदी 18 जनवरी को करेंगे ट्रेनों का शुभारंभ।
हावड़ा-आनंद विहार और सियालदह-बनारस मार्ग पर चलेंगी।
किफायती, सुरक्षित और आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, आसनसोल। PM Modi: पूर्व रेलवे के आसनसोल स्टेशन होकर दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को इन दोनों अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। शुक्रवार को पूर्व रेलवे मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, आसनसोल रेल मंडल होकर चलने वाली इन दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
किफायती, सुरक्षित एवं आधुनिक लंबी दूरी की यात्रा के लिए उन्नत यात्री सुविधाओं से लैस ये ट्रेनें क्षेत्रीय रेल संपर्क को सुदृढ़ करेंगी। इनमें एक हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस तथा दूसरी सियालदह–बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है।
पूर्व रेलवे प्रशासन ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस एक नई पीढ़ी की ट्रेन है, जिसे किफायती, सुरक्षित एवं विश्वसनीय लंबी दूरी की यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यात्रियों की सुविधा, आराम और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इन ट्रेनों में आधुनिक एवं अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दोनों अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की नियमित सेवाओं के लिए यात्रियों के लिए बुकिंग खोल दी गई है।
हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रात 23:10 बजे हावड़ा से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन सुबह 02:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार–हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार सुबह 05:15 बजे आनंद विहार से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह ट्रेन आसनसोल मंडल के अंतर्गत आसनसोल एवं दुर्गापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी। ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी की सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं, सियालदह–बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शनिवार को शाम 19:30 बजे सियालदह से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 07:20 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार, मंगलवार एवं शुक्रवार को रात 22:10 बजे बनारस से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 09:55 बजे सियालदह पहुंचेगी। यह ट्रेन आसनसोल मंडल के अंतर्गत जसीडीह, मधुपुर, आसनसोल एवं दुर्गापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी। इसमें भी सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी की सुविधा उपलब्ध होगी।
रेल प्रशासन के अनुसार, आसनसोल मंडल होकर चलने वाली इन दोनों अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुरू होने से मंडल के प्रमुख स्टेशनों और बड़े शहरों के बीच रेल संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा यात्रियों को किफायती एवं आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।
