महिला यात्रियों की सुरक्षा देगी मेरी सहेली
आसनसोल अब ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा आरपीएफ का विशेष महिला दस्ता देगा। आरपीएफ के अ
आसनसोल : अब ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा आरपीएफ का विशेष महिला दस्ता देगा। आरपीएफ के आसनसोल मंडल में ''मेरी सहेली'' नामक विशेष दस्ता का गठन किया गया है। पूरे मंडल में ऐसे छह दस्ता का गठन किया जाएगा। जिसका शुभारंभ मंगलवार की शाम मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त चंद्रमोहन मिश्र ने किया। इस अभियान के अंतर्गत रेलवे में यात्रा कर रही महिला यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना मेरी सहेली दस्ता का दायित्व होगा। एक महिला उप निरीक्षक के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल की टीम गठित की गई है। मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त चंद्रमोहन मिश्र ने बताया कि मंडल में इस प्रकार की छह टीम गठित की गई है। यह अभियान यात्रा आरंभ के स्टेशन से लेकर यात्रा समाप्ति के स्टेशन तक महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अंतर्गत विशेष महिला सुरक्षा दस्त यात्रा आरंभ करने वाले स्टेशन पर ही संपूर्ण गाड़ी की चेकिग करेंगे और उसमें यात्रा कर रही महिलाओं की सूची तैयार करेंगे। यह दस्ता महिला यात्रियों को सुरक्षा से संबंधित उपाय की जानकारी देगा। वहीं महिला यात्रियों को रेलवे सुरक्षा बल की हेल्पलाइन 182 के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। रेलवे सुरक्षाबल के वरिष्ठ अधिकारी इस अभियान पर नजर रखेंगे। यह टीम आसनसोल, दुर्गापुर और जसीडीह स्टेशनों में तैनात की गई है। सीएम मिश्र ने कहा कि महिला सुरक्षा आरपीएफ की प्राथमिकता में है, और हमें पूरी सजगता और सतर्कता के साथ इस अभियान को सफल बनाना है, ताकि महिलाएं रेलवे में यात्रा के दौरान स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।