विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी: बराकर में नाबालिग हिरासत में, नशे में किया था हमला

Published: Sat, 06 Jun 2026 06:32 PM (IST)

Rajdhani Express: बराकर आरपीएफ ने चलती राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी के आरोप में एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी।(प्रतीकात्मक फोटो)

सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी।(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. बराकर में चलती राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी का आरोप।

  2. नाबालिग ने गांजा के नशे में चलती ट्रेन पर पत्थर फेंका।

  3. रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत न्यायालय भेजा गया।

संवाद सहयोगी, बराकर। आसनसोल रेल मंडल के बराकर आरपीएफ ने चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी के आरोप में एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। आरपीएफ के अनुसार, 30 मई 2026 को 12313 अप राजधानी एक्सप्रेस आसनसोल से धनबाद की ओर जा रही थी। शाम करीब 7:30 बजे ट्रेन कुल्टी-बराकर रेलखंड से गुजर रही थी। इसी दौरान बराकर के बलतोड़िया क्षेत्र के पास पांच नाबालिग डाउन लाइन के समीप मौजूद थे। बताया गया कि सभी ने गांजा का सेवन किया था।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ ने शुरू की जांच

चलती राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही बराकर आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान संबंधित नाबालिगों की पहचान की गई और उनके अभिभावकों के साथ उन्हें आरपीएफ थाना बुलाया गया। पूछताछ में नाबालिगों ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन वे रेलवे ट्रैक के पास बैठे थे और गांजा पी रहे थे।

नशे की हालत में ट्रेन पर फेंका गया पत्थर

पूछताछ में बताया गया कि अत्यधिक नशे की वजह से दो नाबालिग शाम करीब 7:30 बजे अपने घर चले गए थे, जबकि तीन नाबालिग वहीं मौजूद रहे। इसी दौरान कुल्टी से बराकर की ओर तेज गति से राजधानी एक्सप्रेस गुजरी। आरोप है कि एक नाबालिग ने पत्थर उठाकर चलती ट्रेन पर फेंक दिया, जिससे कोच की एक खिड़की का शीशा टूट गया। घटना के बाद सभी मौके से फरार हो गए। अन्य चार नाबालिगों ने भी पुष्टि की कि उनके साथी ने नशे की हालत में ट्रेन पर पत्थर फेंका था।

रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत कार्रवाई

बराकर आरपीएफ ने सभी तथ्यों और बयानों की गहन जांच के बाद आरोपित नाबालिग को हिरासत में ले लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।