आसमान से बरस रही आग, तापमान पहुंचा 40 पर
आसनसोल आसनसोल इन दिनों न केवल चुनावी सरगर्मी में तप रहा है बल्कि आसमान से बरसती आग ने भी
आसनसोल : आसनसोल इन दिनों न केवल चुनावी सरगर्मी में तप रहा है, बल्कि आसमान से बरसती आग ने भी बुरा हाल कर दिया है। मंगलवार को स्थिति कुछ ज्यादा ही मुश्किलों भरी रही, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। आलम यह था कि सुबह सात बजे से ही धूप तीखी लगने लगी थी। दोपहर होते-होते लगा कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। तेज धूप व चिलचिलाती गर्मी ने लोगों को हाल बुरा कर दिया है। दोपहर तक अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा पसर गया था। अति आवश्यक कार्य से ही लोग छाता या गमछा ओढ़कर निकल रहे थे। लोगों की माने तो इस मौसम की सबसे अधिक गर्मी व तापमान मंगलवार को रहा। इसके चलते जनजीवन अस्त-व्यवस्थ हो गया। हालांकि मौसम के पूर्वानुमान की बात करें तो बुधवार व गुरुवार को तापमान में गिरावट के साथ आसमान में बादल भी छाए रहेंगे। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस गर्मी व धूप से न केवल आम जनता बल्कि प्रत्याशी व चुनाव प्रचार में लगे कार्यकर्ता व समर्थक भी परेशान हैं। प्रत्याशी जहां चुनाव प्रचार में पसीना बहा रहे हैं, वहीं कार्यकर्ता जगह-जगह झंडा व बैनर आदि लगा रहे हैं। लेकिन इस धूप में उन्हें भी काफी मुश्किल हो रही है। कैसा रहेगा अगले कुछ दिनों का तापमान दिन - अधिकतम तापमान - न्यूनतम तापमान बुधवार - 39 - 26
गुरुवार - 37 - 24
शुक्रवार - 39 - 23
शनिवार - 40 - 24
रविवार - 40 - 24
सोमवार - 40 - 24