नियुक्ति को तृणमूल के दो गुटों में मारपीट
जागरण संवाददाता दुर्गापुर दुर्गापुर इस्पात संयंत्र (डीएसपी) में ठेका श्रमिकों की नियुक्ति को
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : दुर्गापुर इस्पात संयंत्र (डीएसपी) में ठेका श्रमिकों की नियुक्ति को लेकर दो गुटों में काफी समय से विवाद चल रहा है। नियुक्ति विवाद को लेकर रविवार की रात मारपीट की घटना हुई। जिसमें चार लोग जख्मी हुए एवं दो वाहनों में तोड़फोड़ की गई। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। जिन्हें सोमवार को दुर्गापुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत नामंजूर हो गई एवं सात दिनों के लिए जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में राकेश सिंह, कृष्णा सिंह, मोहम्मद साबिर, अरमान अली, विश्वजीत दास है।
डीएसपी में नियुक्ति को लेकर पिछले तीन दिनों से विवाद देखा जा रहा है। तीन दिन पहले तृणमूल ट्रेड यूनियन के नेता शेख महिदुल इस्लाम उर्फ राजू की पिटाई कुछ लोगों ने की थी। रविवार को फिर वह कार्यालय में बैठे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला किया। जिसके बाद महिदुल अपने समर्थकों के साथ वारिया फाड़ी में रविवार की रात शिकायत देने गए थे। तभी मेनगेट इलाके में एक अपराधियों के दल ने उन पर हमला कर दिया। उन पर बांस, लाठी से हमला किया गया। जिससे दोनों ग्रुप में अशांति शुरु हो गई। सूचना मिलने पर दुर्गापुर थाना की पुलिस स्थिति नियंत्रित करने के लिए पहुंची। उसके बाद कंबेट जवानों को उतारा गया। पुलिस ने सख्ती दिखाई, तब जाकर दोनों गुट फरार हुए। डीएसपी में बाहरी लोगों को ठेका श्रमिक के रूप में काम देने का आरोप काफी समय से लग रहा है एवं स्थानीय लोगों को काम नहीं मिल पा रहा है। इस विषय को लेकर ही मेनगेट के लोगों ने महिदुल पर हमला किया। हालांकि महिदुल ने कहा कि यह आरोप पूरी तरह गलत है। श्रम विभाग की सूची देखने से ही सब साफ हो जाएगा। मेनगेट के काफी युवक वहां काम करते है। पुलिस को जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए कहा गया है। घटना के एक आरोपित कृष्ण राम ने कहा कि मुझे कुछ जानकारी नहीं है। मेनगेट में दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था, तभी पुलिस पहुंची एवं गिरफ्तार कर ले आयी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है, पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।