दुर्गापुर नगर निगम चुनाव में जमकर धांधली, बमबाजी
दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम चुनाव में रविवार को जमकर धांधली हुई। चुनाव शुरू होने के
दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम चुनाव में रविवार को जमकर धांधली हुई। चुनाव शुरू होने के कुछ देर बाद ही वहां बमबाजी व गोलीबारी शुरू हो गई। सुबह चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में शुरू तो हुआ, लेकिन कुछ ही समय बाद पोलिंग एजेंटों को बाहर निकलने, डराने-धमकाने व वोट नहीं दिए जाने से मामला बिगड़ता गया। देखते ही देखते मतदान केंद्रों व कई इलाकों में बमबाजी व गोलीबारी होने लगी। विरोधी दलों ने नगर निगम चुनाव में लूट का आरोप लगाते हुए खुद को चुनाव से अलग करने की घोषणा कर दी। जबकि माकपा ने दुर्गापुर चुनाव में हुई धांधली, बूथ लूट व आतंक के माहौल के साथ फिर से चुनाव कराने की मांग पर हाईकोर्ट जाने का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।
कई वार्डो में सुबह से ही माकपा, भाजपा, कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों को बूथ से बाहर निकालने, विरोधी दलों के एजेंटों को मतदान केंद्र से डरा-धमका कर बाहर करने की शिकायत मिलने लगी। सबसे ज्यादा तनाव शहर के वार्ड 13 के मेनगेट-तामला में देखने को मिला। जहां नकाबपोश अराजक तत्वों ने मतदान केंद्र पर आग्नेयास्त्र व बम के बल पर कब्जा कर लिया। मतदाताओं ने जब इसका विरोध किया तो उनको आग्नेयास्त्र से डराया गया, नहीं मानने पर इलाके में कई बम भी फोड़ा गया। इसके बाद लोग सड़क पर आ गए और चुनाव रद करने की माग की। पुलिस के काफी समझाने पर भी शांत नहीं हुए और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। अंत में डीसीपी अभिषेक मोदी के नेतृत्व में पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। इस पर उग्र लोगों ने भी पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और फाड़ी पर हमला कर दिया। जिससे तीन पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। कई बाइकों को आग के हवाले कर दिया गया। वार्ड 41 में भी अराजक तत्वों के साथ ग्रामीणों की झड़प हुई। भाजपा समर्थकों ने गांधी मोड़ पर कई प्रत्याशियों की मौजूदगी में रोड जाम किया। उसके बाद कंट्रोल रूम में जाकर चुनाव से हटने की घोषणा कर दी। कांग्रेस ने भी प्रत्याशियों को चुनाव से अलग करने की घोषणा कर दी। वहीं माकपा ने नगर निगम चुनाव में धांधली व बूथ लूट के खिलाफ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात कही। माकपा के पंकज राय सरकार ने कहा कि पूरे शहर में बूथ लूट की घटना हुई है। डीसीपी अभिषेक मोदी ने कहा कि अशांति की खबर मिलने पर तुरंत पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।