पीएफ की राशि के लिए दिया धरना
बर्नपुर बर्न स्टैंडर्ड कारखाना के पूर्व कर्मचारियों की पीएफ की राशि प्रबंधन के जरिए नहीं दिए जाने के विरोध में कारखाना गेट में चल रहे धरना के दौरान भाजपा प्रदेश नेता पवन कुमार सिंह भी शुक्रवार को पहुंचे।
संवाद सहयोगी, बर्नपुर: बर्नपुर बर्न स्टैंडर्ड कारखाना के पूर्व कर्मचारियों की पीएफ की राशि प्रबंधन के जरिए नहीं दिए जाने के विरोध में कारखाना गेट में चल रहे धरना के दौरान भाजपा प्रदेश नेता पवन कुमार सिंह भी शुक्रवार को पहुंचे। धरना दे रहे श्रमिकों की स्थिति की जानकारी लेने के बाद रिजनल पीएफ आयुक्त और केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार से भी दूरभाष पर वार्ता कर इसमें हस्तक्षेप करने की मांग की।
भाजपा नेता ने बताया की यहां के श्रमिकों की मांग पर वह धरना स्थल आए है। उनके पीएफ की स्थिति जानने के बाद दुर्गापुर रिजनल पीएफ आयुक्त अजय कुमार सिंह से दूरभाष पर वार्ता की, उन्होंने बताया की बर्न स्टैंडर्ड कंपनी कर्मियों के पीएफ का 60 प्रतिशत राशि ही उपलब्ध है। बाकी 40 प्रतिशत को कंपनी ने फिक्सड बांड में निवेश किया है। आरपीएफसी पीएफ का 60 प्रतिशत ही भुगतान कर सकती है, लेकिन श्रमिक पूरा पैसा लेने की मांग कर रहे है। पवन कुमार सिंह ने कहा कि श्रमिकों के पीएफ की राशि दिलाने को केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार से भी दूरभाष पर बात कर हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने अपना ई मेल दिया है, पूरी स्थिति को ई मेल के माध्यम से जानकारी देने की बात कही। भाजपा नेता श्री सिंह ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो को भी जानकारी दी गई है। श्रमिकों ने कहा कि जब तक पीएफ की बकाया राशि नहीं मिलती वह लोग धरना पर बैठे रहेंगे।