2021 में भाजपा हो जाएगी फिनिश : जितेंद्र
रानीगंज तृणमूल कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ रानीगंज में सभा
रानीगंज : तृणमूल कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ रानीगंज में सभा आयोजित की गई। सभा में तृकां जिलाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, प्रदेश सचिव वी. शिवदासन दासू, पूर्व विधायक सोहराब अली, ब्लॉक अध्यक्ष कंचन तिवारी, बोरो चेयरपर्सन संगीता शारदा, पार्षद हीना खातून, मोइम खान, सीमा सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। तृकां जिलाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने कहा कि भाजपावाले जानते हैं कि 2021 में जीतकर नवान्न नहीं जा सकते हैं। इसलिए आज जबरन नवान्न में घुसने का प्रयास किया। आज भाजपा ने यह प्रमाणित कर दिया कि वे लोग जीतनेवाले नहीं हैं। आंदोलन करनेवाले बंदूक, कांच के बोतल, पत्थर, बम लेकर गए थे। क्या शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए इन सब की जरूरत होती है। नवान्न जाने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है। यहां की भीड़ बता रही है कि तृकां ने जनता का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि रानीगंज में पांच साल में विधायक और सांसद को मौैका मिला और नगरनिगम में हमारे पार्षदों को मौका मिला। अब जनता पांच साल में इन तीनों के काम की तुलना करे। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि पांच साल में जो काम ममता बनर्जी के नेतृत्व में किया गया। उसका दस फीसदी भी 34 साल में न ही माकपा और न ही छह साल में भाजपा ने किया। रानीगंज की जनता ने मन बना लिया है कि 2021 माकपा-भाजपा फिनिश। वहीं प्रदेश सचिव वी. शिवदासन दासू ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार देश में अराजकता फैला रही है। धर्म और जाति के नाम पर एक दूसरे को लड़वाने का कार्य कर रही है। सरकार केंद्र में आने से पहले मोदी सरकार ने बहुत सारे वादे किए थे। जनता को मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखा रहे हैं।