रथयात्रा रोकने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी भाजपा
जागरण संवाददाता, आसनसोल : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने रविवार को आसनसोल में कहा है
जागरण संवाददाता, आसनसोल : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने रविवार को आसनसोल में कहा है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की रथयात्रा रोकने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी। राज्य में पुलिस को आगे कर तृणमूल कांग्रेस लगातार अत्याचार कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। शनिवार रात पुलिस ने जिले भर में छापेमारी कर भाजपा के तीन प्रखंड अध्यक्षों व जिला आइटी प्रभारी समेत 11 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रस्तावित रथयात्रा के मामले में कोलकाता हाईकोर्ट की डिविजन बेंच ने ¨सगल बेंच के फैसले को खारिज कर दिया है। बंगाल सरकार ने हाईकोर्ट की ¨सगल बेंच के आदेश को डिविजन बेंच में चुनौती दी थी। दरअसल इस आदेश में बीजेपी को रथयात्रा निकालने की अनुमति दी गई थी। दिलीप घोष ने कहा कि पुलिस भाजपाइयों का दमन कर रही है। कार्यकर्ता जब भी लोकतांत्रिक अधिकार के तहत सड़क पर उतर आंदोलन करते हैं तो उन पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की जाती है। जबरदस्ती कार्यकर्ताओं का घर खुलवा कर उन्हें पकड़ा जाता है। नौ दिसंबर को भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपित शेख सैफुल की गिरफ्तारी की मांग कर प्रदर्शन कर रहे भाजपाइयों पर दो दिन पहले लाठीचार्ज किया गया। जामुड़िया में नाबालिग छात्रा की हत्या हुई। दो वर्ष पहले भी जामुड़िया में नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या हुई थी। बढ़ती आपराधिक घटनाओं के क्या कारण हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार पर चुप नहीं रहेंगे। पूरे राज्य में आंदोलन होगा। जिलाध्यक्ष लखन घोरुई, प्रशांत चक्रवर्ती, उपासना उपाध्याय आदि थे।