हिसा के बाद भाजपा जिला कार्यालय में शरण लिए पीड़ित परिवार
रेलपार बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद हुई हिसा के कारण पश्चिम बर्द्धमान के भाजपा
रेलपार: बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद हुई हिसा के कारण पश्चिम बर्द्धमान के भाजपा कार्यकर्ता व समर्थकों में दहशत है। जिस कारण दर्जनों की संख्या में लोग अपने घरों से पलायन कर अपने रिश्तेदार के घर में शरण लिए हैं। इसके साथ ही अपने परिवार के साथ 60 से 70 की संख्या में लोग आसनसोल भाजपा जिला कार्यालय में शरण लिए हैं। भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी व कृष्णेंदु मुखर्जी ने शुक्रवार दोपहर को आसनसोल बाइपास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में शरण लिए पीड़ित लोगों से मुलाकात की। भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने पीड़ित परिवारों को ढाढ़स बंधाया और सांत्वना दी। जितेंद्र तिवारी ने पीड़ित परिवार के एक एक सदस्य से बातचीत कर घटी घटना की जानकारी ली। इसके पश्चात जितेंद्र तिवारी ने जिला कार्यालय में शरण लिए हुए पीड़ित परिवारों की सूची बनाई। साथ ही पीड़ित परिवार के लोगों को जल्द ही वापस अपने घर लौटने में मदद का भरोसा दिलाया।
रॉबिन रजक ने बताया कि वह भाजपा कार्यकर्ता है। कुछ लोग उनके घर में घुस आए और उनको जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद वह डर से भागकर यहां आ गए हैं। प्रमिला देवी ने बताया कि वह बासुरिया कोलियरी से आई है। चुनाव परिणाम के बाद उनके घर में कुछ लोग मुंह में कपड़ा बांधकर आए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपने पूरे परिवार के साथ किसी तरह से वहां से निकलकर आई और यहां शरण ली। परसिया कोलियरी से आई संजू बाउरी ने बताया कि धमकी मिलने के बाद घर से पूरा परिवार भागकर यहां आ गया है। हमलोग चाहते हैं कि हमलोग शांति से अपने घर लौट जाए। यहां पर आसनसोल दक्षिण विधानसभा, पांडवेश्वर, जामुड़िया के अधिकांश लोग घरों से भाग कर शरण लिए हैं।
तृणमूल कांग्रेस समर्थकों द्वारा भाजपा कार्यकर्ता व समर्थकों पर हमले के बाद भाजपा कार्यालय में शरण लिए लोगों के खाने पीने और रहने का प्रबंधन किया गया है।