दुर्गापुर एयरपोर्ट से जयपुर, बेंगलुरु की विमान सेवा हो शुरू
रानीगंज लगभग छह माह के अंतराल के बाद दुर्गापुर स्थित काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डा से उड
रानीगंज : लगभग छह माह के अंतराल के बाद दुर्गापुर स्थित काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डा से उड़ान फिर से शुरू हुआ है। विमान सेवा फिर से शुरू होने का लोगों ने स्वागत किया है। लेकिन शहर के अन्य शहरों से भी विमान सेवा शुरू करने की मांग उड़ने लगी है। जिसके लिए विभिन्न संस्थाओं की ओर से पत्र भी भेजा जा रहा है।
साउथ बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारी अध्यक्ष आरपी खेतान ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र देते हुए कहा है कि कोविड-19 महामारी की शुरुआत से पहले तक एयर इंडिया का विमान नई दिल्ली और हैदराबाद के लिए उड़ता था। लेकिन अब तक वह चालू नहीं हुआ है। उसे भी जल्द से जल्द चालू करना चाहिए। जबकि स्पाइस जेट का विमान मुंबई एवं चेन्नई के रूट पर उड़ रहा है। वहीं दुर्गापुर हवाई अड्डा से बेंगलुरु, गुवाहाटी, बागडोगरा, जयपुर के लिए भी विमान सेवा शुरू करने की मांग की है। आनंदलोक के चिकित्सक डॉ. दीपेंदु दास ने कहा कि दक्षिण भारत के लिए उड़ान सेवा होने से चिकित्सा के लिए इस पूरे इलाके के लोगों को विशेष सुविधा मिलने लगी इसलिए तत्काल हैदराबाद की उड़ान सेवा जल्द चालू करनी चाहिए। अंचल के उद्योगपति गोपाल अग्रवाल ने कहा कि रानीगंज, जामुड़िया, दुर्गापुर, आसनसोल के अलावा जिले से सटे बांकुड़ा एवं पुरुलिया जिला भी औद्योगिक क्षेत्र है। जिसके लिए दुर्गापुर एयरपोर्ट महत्वपूर्ण है। यहां से अन्य स्थानों के लिए भी विमान सेवा शुरू होनी चाहिए। रानीगंज, जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र के संयोजक हर्ष खेतान ने कहा है कि दुर्गापुर हवाई अड्डे से दक्षिण बंगाल के अलावा झारखंड के कुछ जिलों के लोगों को भी सुविधा हो रही है। पहले यहां के लोगों को दो सौ किलोमीटर दूर कोलकाता जाना पड़ता था। दुर्गापुर से विमान सेवा शुरू होने से लोगों को सुविधा हुई है। इस कारण यहां से विमान सेवा का और विस्तार जरूरी है। लॉकडाउन के पहले दुर्गापुर एयरपोर्ट से औसतन 150-170 यात्री सफर करते थे। दुर्गापुर एयरपोर्ट के हेड सिद्धार्थ बॉस ने कहा कि लॉकडाउन के बाद से फिर से विमान सेवा शुरू हो रही है, लोगों की मांग भी बढ़ रही है। हमलोग भी मंत्रालय को सूचना दे रहे है।