विराट कोहली अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने शतक जड़कर एक बार फिर से रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी है।
किंग कोहली ने महज 94 गेंदों में नाबाद 122 रनों की पारी खेली है। इस पारी में कोहली ने 9 चौके और 3 छक्के लगाए।
इसी के साथ कोहली ने वनडे इंटरनेशनल में 47 वीं सेंचुरी पूरी कर ली है। वह सचिन तेंदलकर के 49 शतक की बराबरी से मात्र दो शतक दूर हैं। वहीं कोहली के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उनके खाते में यह 77 वीं सेंचुरी है।
विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 13 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली ने यह रिकॉर्ड 267 पारियों में बनाए हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 321 पारियों में 13 हजार रन पूरे किए थे।
एशिया कप के इतिहास में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में विराट कोहली कुमार संगकारा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। एशिया कप में कोहली और संगकारा के नाम 4-4 शतक हैं। वहीं श्रीलंका के सनथ जयसूर्या इस लिस्ट में 6 शतक के साथ टॉप पर हैं।
कोहली के खाते में सर्वाधिक नाबाद सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड है। कोहली ने अब तक 17 बार यह कारनामा किया है। वहीं पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने 15 बार यह रिकॉर्ड कायम किया है।
इसी के साथ कोहली ने के एल राहुल के साथ मिलकर रिकॉर्ड 233 रनों साझेदारी की और हफीज और जमशेद के रिकॉर्ड को तोड़ा जिन्होंने 2012 में भारत के खिलाफ 224 रनों की साझेदारी की थी।
विराट कोहली ने इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में 1 हजार रन पूरे कर लिए हैं, वह एक साल में सर्वाधिक बार 1000 रन पूरे करने के मामले में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। कोहली ने धोनी और द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 11 बार ऐसा किया था। सचिन ने सर्वाधिक 16 बार यह कारनामा किया है।
स्पोर्ट्स और क्रिकेट से जुड़ी ऐसी ही अन्य खबरों के लिए पढ़ते रहें jagran.com