नेपाल की काली गंडक नदी से लाई गई दो विशाल शिलाएं गुरुवार को भगवान राम की नगरी अयोध्या पहुंची।
गुरुवार को इन्हें विधि विधान पूर्वक नेपाल स्थित प्राचीन मिथिला की राजधानी जनकपुरी के जानकी मंदिर के महंत ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव को समर्पण पत्र के माध्यम से भेंट किया।
इन दोनों शिलाओं से भगवान श्रीराम की बाल मूर्ति बनाई जाएगी।
नेपाल के जनकपुरी से अयोध्या पहुंची इन दोनों शिलाओं का जनता और आचार्यों ने भव्य स्वागत किया।
शिलाओं के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। साधु संत भी दूर-दूर से शिलाओं के दर्शन के लिए आ रहे हैं।
शुक्रवार को शिला का 51 वैदिक आचार्यों ने विधि विधान से पूजन किया।
सरयु नदी के किनारे चारों ओर हवा में उड़ता अबीर गुलाल और जय श्रीराम का उद्घोष भक्तों को सराबोर कर रहा था।