सरसों या बथुआ: कौन सा साग है असली सेहत का खजाना?


By Lakshita Negi17, Dec 2024 03:30 PMjagran.com

सर्दियों के मौसम में हरी साग का नाम सुनते ही सबसे पहले सरसों के साग और बथुआ की याद आती है। दोनों में ही पोषण भरपूर मात्रा में मौजूद होता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा कि इन दोनों में से कौन सी साग ज्यादा बेहतर है और क्यों। आइए जानते हैं।

सरसों का साग

सरसों के साग में विटामिन-ए, सी, और के के साथ-साथ आयरन और कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है। यह हड्डियों को मजबूत बनाता है और इम्यूनिटी बूस्ट करने में भी मदद करता है। सरसों के साग में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो डाइजेशन को अच्छा करता है।

बथुआ का साग

बथुआ की सब्जी को आयुर्वेद में खास जगह मिली है। इसमें प्रोटीन, आयरन और पोटेशियम के साथ विटामिन बी 6 मौजूद होते हैं। यह स्किन को क्लीयर करता है और पेट की दिक्कतों को कम करने में मदद करता है। इसे खाने से शरीर में खून की कमी दूर हो जाती है।

पाचन के लिए बथुआ या सरसों कौन है बेहतर?

सरसों के साग में फाइबर अच्छी मात्रा में मौजूद होती है, जो कब्ज से राहत दिलाता है। वहीं, बथुआ भी पाचन के लिए रामबाण माना जाता है। बथुआ खाने से पेट को ठंडक मिलती है, जिससे गैस की दिक्कत कम करने में मदद मिलती है।

वेट लॉस के लिए बथुया या सरसों?

अगर आप वेट लॉस करने की सोच रहें हैं, तो सरसों और बथुआ दोनों में ही कैलोरी की मात्रा कम होती है। बथुआ लो-कैलोरी और हाई-फाइबर होती है और सरसों खाने से शरीर का मेटाबॉलिज्म तेज होता है। दोनों को खाने से वेट कम करने में मदद मिलती है।

हड्डियों और जोड़ों के लिए बथुआ या सरसों

सरसों का साग कैल्शियम और विटामिन का एक बेहतरीन सोर्स है, जो हड्डियों को स्ट्रांग करता है। वहीं बथुआ बोन हेल्थ के लिए फायदेमंद है, क्योंकि इसमें आयरन और फास्फोरस होता है, जो गठिया जैसी समस्याओं से आराम दिलाता है।

बथुआ या सरसों त्वचा और बालों के लिए

बथुआ त्वचा को निखारने और पिंपल्स को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट बालों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। दूसरी तरफ, सरसों का साग भी स्किन की शाइन बढ़ाता है और चेहरे की झुर्रियों को कम करने में मदद करता है।

सरसों और बथुआ दोनों ही पोषण का खजाना हैं। सरसों का साग हड्डियों और इम्यूनिटी के लिए बेहतर है, जबकि बथुआ पाचन और त्वचा के लिए फायदेमंद है। इस तरह की और अन्य खबरों के लिए jagran.com पर क्लिक करें।