अनुमति के लिए डीएम दफ्तर के चक्कर काट रहे नेपाल के श्रमिक
कोविड-19 के कारण देश प्रदेश में लॉकडाउन है। लॉकडाउन के कारण लोग अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं।
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : कोविड-19 के कारण देश, प्रदेश में लॉकडाउन है। लॉकडाउन के कारण लोग अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। कुछ लोग बाहरी राज्यों से जिले में पहुंच रहे हैं तो कुछ लोग उत्तरकाशी जिले से अपने राज्यों की ओर जा रहे हैं। दूसरे राज्यों की ओर जाने के लिए जिला प्रशासन से इसकी अनुमति ली जा रही है। लेकिन, बीते चार दिनों से नेपाल मूल के श्रमिकों को अपने राज्य में जाने के जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिल पा रही है। अनुमति नहीं मिलने से इन लोगों के सामने संकट गहराने लग गया है।
नेपाल मूल के मजदूर राजू, काला, हंसा, लोकेंद्र ने बताया कि वह 72 लोग हैं, जो उत्तरकाशी जिले के विभिन्न ब्लॉकों में काम करते थे और दो बसों से रुपडिया तक जायेंगे। इसके लिए चार दिन पहले अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी कर दिया है। लेकिन, जिला प्रशासन द्वारा उन्हें बसों की अनुमति नहीं मिल रही है। चार दिन से वह जिला कलक्ट्रेट कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। ऐसे में अब वह लोग कहां जाएं।
अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह ने बताया कि इन लोगों को नेपाल सीमा में प्रवेश नहीं मिल रहा है, जिसके कारण हम लोगों ने भी इन्हें अनुमति देना बंद कर दिया था, लेकिन अब संज्ञान में आया है कि इनकी यह समस्या हल हो गई है। तो अब हम लोगों ने भी इन्हें अनुमति दे दी है।