खेत में मिला महिला का शव
बर्नीगाड़ नौगांव ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत खाबला में अचानक महिला का शव मिलने से हडकंप मच गया।
बर्नीगाड़ : नौगांव ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत खाबला में अचानक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने महिला का शव बरामद कर पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेज दिया।
राजस्व उपनिरीक्षक हिम्मत सिंह असवाल ने बताया कि मृतक महिला का नाम अमृता देवी पत्नी सुंदर लाल है। बीते बुधवार को महिला खेत में काम करने के लिए गई थी। लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची। अनहोनी की आंशका के चलते परिजनों ने महिला की खोजबीन की। रात करीब 8 बजे परिजनों को खेत में महिला मृत हालत में मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का कारण पता चल पाएगा। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक डामटा सरदार सिंह राणा, बर्नीगाड़ राजस्व निरीक्षक सूरज सिंह, तियां राजस्व निरीक्षक राजेश रावत भी मौजूद रहे। (संसू)