शहर में शुरू होगी कूड़े की डोर टू डोर व्यवस्था
जागरण संवाददाता उत्तरकाशी नगर पालिका (बाड़ाहाट) उत्तरकाशी के सभी वार्डों में जल्द ह
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : नगर पालिका (बाड़ाहाट) उत्तरकाशी के सभी वार्डों में जल्द ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। पालिका के अनुसार कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था एक सप्ताह में शुरू हो जाएगी। जिस एजेंसी को यह कार्य दिया गया है उस एजेंसी के कर्मी गीला-सूखा कचरा कूड़ा घरों से उठाएंगे। जिससे बाद वह तांबाखाणी के पास कूड़े की छंटाई करेगी और प्लास्टिक कूड़े को भी कॉम्पेक्ट करेगी। व्यवस्था शुरू होने से शहर वासियों को हर महीने एक निर्धारित शुल्क देना होगा।
नगर पालिका बाड़ाहाट में सबसे बड़ी समस्या कूड़ा निस्तारण की है। कूड़े के लिए अभी डंपिग जोन नहीं मिल पाया है। अभी नगर पालिका कूड़े को तांबाखाणी सुरंग के बाहर वाली सड़क पर डाल रहा है। इसी बीच नगर पालिका ने घर-घर से कूड़ा एकत्र करने तथा कूड़े की छंटाई करने के लिए जीरो वेस्ट एजेंसी को इसका जिम्मा दिया है। यह एजेंसी नगर पालिका के 11 वार्डों में घर-घर से गीला व सूखा कूड़ा एकत्र करेगी। साथ ही हर महीने हर परिवार से 30 से 40 रुपये का शुल्क भी लेगी। यह एजेंसी इस शुल्क को नगर पालिका के पास जमा करेगी। नगर पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल ने बताया कि एजेंसी के 40 कर्मी नगर क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा एकत्र करेंगे। नगर पालिका एजेंसी को अपने वाहन उपलब्ध कराएगी।
पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल ने बताया कि नगर पालिका किल वेस्ट मशीन को तिलोथ के पास लगाने जा रहा है। पहले यह मशीन तेखला पुल के निकट मांडो गांव की ओर लगाई जा रही थी। लेकिन, वह ग्रामीणों ने विरोध किया। जिसके बाद प्रशासन ने तिलोथ के पास पालिका को भूमि उपलब्ध कराई।