विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहाड़ों पर सूरज की रोशनी बनी कमाई का जरिया, उत्तराखंड के इस जिले के ग्रामीण कमा रहे लाखों

Published: Thu, 20 Aug 2026 01:55 PM (IST)

मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना से उत्तराखंड के ग्रामीण लाखों कमा रहे हैं। ग्रामीणों की बंजर जमीन का सदुपयोग हो रहा है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। पहाड़ में सूरज की रोशनी अब लोगों के कमाई का जरिया बन रही है। प्रदेश में टिहरी के बाद उत्तरकाशी जनपद मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना में सोलर प्लांट स्थापना में दूसरे स्थान पर है।

इस योजना में जनपद को आवंटित कुल करीब 50 मेगावाट क्षमता के 262 सोलर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष अब तक जनपद में 227 प्लांट स्थापित हो चुके हैं। इससे जहां ग्रामीणों की बंजर जमीन का सदुपयोग हो रहा है। वहीं, उन्हें घर बैठे अच्छी कमाई हो रही है।

200-200 किलो वाट क्षमता के प्लांट

जनपद के डुंडा ब्लाक के मट्टी व भालसी में 200-200 किलो वाट क्षमता के दो प्लांट स्थापित करने वाले दंपति संगीता व हेमवती प्रसाद पैन्यूली ने बताया कि पहाड़ों से होने वाले पलायन को रिवर्स पलायन में बदलने के लिए मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार अच्छी योजना है। कहा कि यह एक ऐसी दुकान है, जिसका शटर भी नहीं खोलना पड़ता है।

दिन में सूरज की किरणों से बिजली बनती है और सौर ऊर्जा से निर्मित बिजली कौन खरीदेगा, इसकी भी कोई टेंशन नहीं है। क्योंकि ऊर्जा निगम से 25 वर्षों के लिए विद्युत क्रय अनुबंध (पीपीए) हुआ है, जोकि निर्धारित दरों पर बिजली खरीदकर उसकी कीमत उन्हें देता है।

बताया कि उन्हें प्रति 200 किलो वाट के प्लांट से सालाना लगभग 12 लाख रुपए की आय प्राप्त होती है। डुंडा के भालसी में एक प्लांट स्थापित करने वाली गीता देवी ने भी योजना की सराहना की। कहा कि इस योजना के जरिए पहाड़ के कई बेरोजगार युवाओं को घर बैठे रोजगार मिला है।

योजना में ब्लाक वार स्वीकृत, स्थापित प्लांट

  • ब्लाक -स्वीकृत प्लांट -स्थापित प्लांट -क्षमता (किलो में)
  • मोरी -30 -29 -5800
  • चिन्यालीसौड़ -21 -17 -2850
  • भटवाड़ी -26- 17 -3200
  • पुरोला -5 -5- 850
  • डुंडा -134 -126- 24260
  • नौगांव -46- 33 -6600
  • कुल -262 -227- 43660

वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना शुरू हुई थी, मार्च 2026 तक इस योजना में बड़ी संख्या में सोलर प्लांट स्थापित हुए हैं, कई आवेदकों के सोलर प्लांट निर्माणाधीन हैं, जिससे जनपद आवंटित सोलर प्लांट स्थापना का लक्ष्य हासिल करने के करीब है। - मयंक नौटियाल, परियोजना अधिकारी उरेडा

जनपद में 193 सोलर प्लांट द्वारा निर्मित बिजली खरीदी जा रही है। इन प्लांटों से निगम को करीब 48 मेगावाट बिजली मिलती है, जिसका प्लांट स्वामियों को निर्धारित विद्युत दरों के अनुसार भुगतान किया जाता है।
- मनोज गुसाईं, ईई ऊर्जा निगम उत्तरकाशी

यह भी पढ़ें- अदाणी पर छंटे संकट के बादल! अमेरिका में आपराधिक केस वापस; रिश्वतखोरी-धोखाधड़ी मामले में मिली 'क्लीन चिट'

यह भी पढ़ें- नए सोलर प्लांट से घटेगा चंदौली मेडिकल कॉलेज का बिजली बिल, पार्किंग भी होगी सुरक्षित